Anjaan Jee : Editor in Chief & Publisher
खगौल | 05 जनवरी 2026
खगौल नगर के वरिष्ठ पत्रकार एवं सामाजिक कार्यकर्ता चंदू प्रिन्स की मां सावित्री देवी का 79 वर्ष की आयु में निधन हो गया। सोमवार की शाम लगभग 6:55 बजे उन्होंने अपने निवास स्थान पर अंतिम सांस ली। निधन का कारण हृदय गति रुकना बताया गया है। उनके निधन से परिवार सहित खगौल क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।
परिजनों के अनुसार सावित्री देवी पिछले काफी समय से अस्वस्थ चल रही थीं। उनका इलाज पटना के एक निजी अस्पताल में चल रहा था। हाल के दिनों में उनकी मानसिक स्थिति भी प्रभावित हो गई थी, जिसके कारण स्वास्थ्य लगातार गिरता चला गया।
परिजनों ने बताया कि सावित्री देवी अत्यंत शांत, सरल और सहयोगी स्वभाव की महिला थीं। वे अपने जीवन में हर व्यक्ति के सुख-दुख में सहभागी रहती थीं और अपने सभी पुत्रों व पुत्रियों से समान रूप से स्नेह करती थीं। यही कारण है कि उनके निधन से न केवल परिवार, बल्कि मोहल्ले और खगौल नगर के कई लोग भावुक नजर आए।
बड़े पुत्र रवि कान्त सिन्हा और छोटे पुत्र तारा कान्त सिन्हा ने बताया कि मां का पूरा जीवन सेवा, सादगी और करुणा से भरा रहा। उन्होंने समाज में हमेशा आपसी प्रेम और सहयोग का संदेश दिया।
सावित्री देवी के निधन को खगौल क्षेत्र के लिए एक व्यक्तिगत क्षति के रूप में देखा जा रहा है। स्थानीय नागरिकों, पत्रकार साथियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने उनके निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति और शोकाकुल परिवार को संबल प्रदान करने की कामना की है।
