आय से अधिक संपत्ति मामले में बीडीओ के ठिकानों पर निगरानी की छापेमारी

Live ख़बर

Anjaan Jee : Editor in Chief & Publisher

पटना | 7 मार्च 2026

बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई के तहत निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक प्रखंड विकास पदाधिकारी के कई ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की है। यह कार्रवाई आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के मामले में की गई है।

जानकारी के अनुसार, निगरानी अन्वेषण ब्यूरो द्वारा दर्ज निगरानी थाना कांड संख्या 29/26 (दिनांक 05 मार्च 2026) में कृष्णा राम, प्रखंड विकास पदाधिकारी, सुरसंड प्रखंड, जिला सीतामढ़ी के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधित 2018) की धारा 13(2) सहपठित धारा 13(1)(बी) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।

जांच एजेंसी के अनुसार आरोपी अधिकारी पर लगभग 79,56,640 रुपये की आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने का आरोप है, जो उनकी ज्ञात आय से करीब 50.8 प्रतिशत अधिक बताई जा रही है।

चार स्थानों पर एक साथ चल रही तलाशी

माननीय विशेष न्यायालय, निगरानी, पटना से प्राप्त सर्च वारंट के आधार पर निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की चार टीमों ने शनिवार को विभिन्न स्थानों पर तलाशी अभियान शुरू किया। जिन स्थानों पर कार्रवाई की जा रही है, उनमें शामिल हैं-

  • पूर्वी चम्पारण जिले के मोतिहारी में गली नंबर 02, मोहल्ला राजाबाजार स्थित किराये का आवास
  • सुरसंड प्रखंड, जिला सीतामढ़ी स्थित सरकारी आवास एवं कार्यालय
  • ग्राम टिगौत, थाना तुरकौलिया, जिला मोतिहारी स्थित पैतृक आवास
  • पटना के लेखा नगर स्थित सहजानंद स्मार्ट सिटी अपार्टमेंट के फ्लैट संख्या 407

अभी तक विशेष बरामदगी नहीं

निगरानी टीम द्वारा की जा रही तलाशी के दौरान फिलहाल कोई उल्लेखनीय बरामदगी सामने नहीं आई है। हालांकि अधिकारियों का कहना है कि तलाशी और दस्तावेजों की जांच की प्रक्रिया अभी जारी है।

जांच जारी, आगे हो सकती है बड़ी कार्रवाई

निगरानी विभाग के अधिकारियों के अनुसार मामले में वित्तीय दस्तावेज, संपत्ति के कागजात और बैंक से जुड़े रिकॉर्ड की गहन जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

JOIN US