मगध महिला कॉलेज के ‘उड़ान’ समारोह में छात्राओं को नियमित अध्ययन और आत्मविश्वास का संदेश
Anjaan Jee : Editor in Chief & Publisher
पटना, 11 मई 2026
Syed Ata Hasnain ने कहा कि ज्ञान किसी भी व्यक्ति के व्यक्तित्व का सबसे महत्वपूर्ण आधार होता है। यही व्यक्ति को गहराई, परिपक्वता और स्थायी सम्मान प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि बाहरी आकर्षण, आत्मविश्वास और शारीरिक क्षमता तभी सार्थक होती है, जब उसके साथ व्यापक ज्ञान, निरंतर अध्ययन और सीखने की प्रवृत्ति जुड़ी हो।
राज्यपाल सह कुलाधिपति लेफ्टिनेंट जनरल सय्यद अता हसनैन (सेवानिवृत्त) मगध महिला कॉलेज, पटना में आयोजित वार्षिकोत्सव कार्यक्रम ‘उड़ान’ को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने छात्राओं को नियमित रूप से समाचार पत्र पढ़ने, समसामयिक विषयों से जुड़े रहने और अपने विचारों को लेखन एवं संवाद के माध्यम से समाज के सामने रखने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने पदक और पुरस्कार प्राप्त करने वाली छात्राओं को बधाई देते हुए कहा कि जीवन में सम्मान और पुरस्कार महत्वपूर्ण होते हैं, लेकिन जिन्हें आज पुरस्कार नहीं मिला, उन्हें निराश होने की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने छात्राओं से निरंतर परिश्रम, अनुशासन और बिना परिणाम की चिंता किए अपना सर्वश्रेष्ठ देने का आह्वान किया।
राज्यपाल ने जीवन में हास्यबोध के महत्व पर भी बल दिया। उन्होंने कहा कि जो व्यक्ति स्वयं पर हंसना सीख लेता है, वही प्रभावी नेतृत्व कर सकता है। उन्होंने सकारात्मकता, सहजता और मानवीय संबंधों को बनाए रखने की आवश्यकता पर जोर दिया।
एलुमनाई नेटवर्क की चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि अच्छे संस्थानों से बने संबंध जीवनभर सहयोग और प्रेरणा का स्रोत बने रहते हैं।
महिलाओं की भूमिका पर बोलते हुए राज्यपाल ने कहा कि आज महिलाएं राजनीति, प्रशासन, सेना, अनुसंधान, विज्ञान, वित्त, उद्योग और उद्यमिता सहित हर क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दे रही हैं। उन्होंने भारतीय सेना में महिलाओं की नेतृत्वकारी भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि कई महिला अधिकारी सीमावर्ती क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य कर रही हैं। इस दौरान उन्होंने नाविका सागर परिक्रमा अभियान का उल्लेख करते हुए महिला अधिकारियों के साहस और क्षमता की प्रशंसा की।
उन्होंने छात्राओं से अपने सपनों और महत्वाकांक्षाओं को सीमित नहीं करने की अपील करते हुए कहा कि उनमें से कोई भविष्य में नोबेल पुरस्कार विजेता, वैज्ञानिक, सैन्य कमांडर, राज्यपाल, राष्ट्रपति या प्रधानमंत्री भी बन सकती है। सफलता का आधार क्षमता, परिश्रम, अवसर और आत्मविश्वास है।
कार्यक्रम को पटना विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. अजय कुमार सिंह ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर मगध महिला कॉलेज के प्राचार्य प्रो. नागेंद्र प्रसाद वर्मा, बर्सर प्रो. विनय कुमार विमल, आईक्यूएसी समन्वयक प्रो. पुष्पलता कुमारी, विश्वविद्यालय के पदाधिकारी, विभिन्न महाविद्यालयों के प्राचार्य, शिक्षकगण, छात्राएं एवं अन्य अतिथि उपस्थित रहे।
