बिहार की डॉ. स्मृति लता सिन्हा को राष्ट्रीय सम्मान

Live ख़बर

“100 आइकोनिक वूमेन ऑफ इंडिया 2026” सूची में शामिल होकर बढ़ाया बिहार का मान

Anjaan Jee : Editor in Chief & Publisher

नई दिल्ली: 11 मई, 2026

नई दिल्ली स्थित NDMC Convention Centre में आयोजित “100 आइकोनिक वूमेन ऑफ इंडिया 2026” सम्मान समारोह में देशभर की 100 प्रेरणादायक महिलाओं को उनके उत्कृष्ट कार्य और समाज में योगदान के लिए सम्मानित किया गया। इस राष्ट्रीय मंच पर बिहार की डॉ. स्मृति लता सिन्हा को भी “100 आइकोनिक वूमेन” की सूची में शामिल कर सम्मानित किया गया, जिससे राज्य का गौरव बढ़ा है।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में अभिनेत्री Ritu Shivpuri उपस्थित रहीं। उन्होंने विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मान प्रदान किया और उनके योगदान की सराहना की।

डॉ. स्मृति लता सिन्हा ने गांव की पृष्ठभूमि से निकलकर कला, शिक्षा और सामाजिक सेवा के क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बनाई है। वर्ष 2017 में लघु फिल्म चिट्ठी में उत्कृष्ट अभिनय के लिए उन्हें सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का पुरस्कार भी मिल चुका है। इस उपलब्धि के बाद उन्हें राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिली।

डॉ. स्मृति लता सिन्हा थियेटर, संगीत वीडियो और मॉडलिंग कार्यक्रमों में भी सक्रिय रही हैं। सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यों में उनकी भागीदारी को भी काफी सराहा गया है। यह सम्मान न केवल उनकी व्यक्तिगत उपलब्धि का प्रतीक है, बल्कि बिहार की महिलाओं की प्रतिभा और बढ़ती राष्ट्रीय पहचान को भी दर्शाता है।

समारोह में चिकित्सा, शिक्षा, आईटी, कला, पत्रकारिता, समाज सेवा, प्रशासन, उद्यमिता, मीडिया और फैशन जैसे विभिन्न क्षेत्रों की महिलाओं को सम्मानित किया गया। आयोजन का उद्देश्य उन महिलाओं को राष्ट्रीय पहचान देना था, जिन्होंने संघर्ष और मेहनत के बल पर समाज में प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किए हैं।

अपने संबोधन में ऋतु शिवपुरी ने कहा कि आज महिलाएं हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा और परिश्रम से नई ऊंचाइयों को छू रही हैं और देश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।

कार्यक्रम की आयोजक तबस्सुम वाकी ने कहा कि इस आयोजन का उद्देश्य महिलाओं को आत्मविश्वास, सम्मान और राष्ट्रीय मंच प्रदान करना है, ताकि उनकी उपलब्धियां समाज के सामने प्रेरणा बन सकें।

यह आयोजन महिला सशक्तिकरण, प्रेरणा और उपलब्धियों का उत्सव बनकर उभरा, जिसमें देश की 100 महिलाओं की सफलता की कहानी ने सभी को प्रेरित किया।