मेधावी विद्यार्थियों को सैमसंग टैबलेट से सम्मान

Live ख़बर

अर्पिता महिला मंडल की पहल से 16 छात्रों को मिला डिजिटल शिक्षा का सहयोग

Anjaan Jee : Editor in Chief & Publisher

रांची: 11 मई, 2026

अर्पिता महिला मंडल की ओर से झारखंड एकेडमिक काउंसिल (JAC) की 10वीं बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 16 मेधावी विद्यार्थियों को Samsung टैबलेट प्रदान कर सम्मानित किया गया। यह सम्मान समारोह गांधी नगर आवासीय परिसर स्थित सिक्योरिटी ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट में आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को डिजिटल शिक्षा से जोड़ते हुए उनकी आगे की पढ़ाई को प्रोत्साहित करना था।

अर्पिता महिला मंडल की अध्यक्षा प्रीति सिंह के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों के साथ उनके अभिभावकों को भी सम्मानित किया गया। छात्राओं एवं उनकी माताओं को चुन्नी, जबकि छात्रों एवं उनके पिताओं को शॉल और मिठाई का डिब्बा भेंट किया गया। साथ ही सभी विद्यार्थियों को मेडल प्रदान कर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी गईं।

कार्यक्रम में बताया गया कि अधिकांश लाभार्थी आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों से आते हैं, जहां माता-पिता दिहाड़ी मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। ऐसे प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को डिजिटल संसाधन उपलब्ध कराकर आधुनिक शिक्षा से जोड़ने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

इस अवसर पर प्रीति सिंह ने कहा कि शिक्षा बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की सबसे मजबूत नींव है और डिजिटल युग में तकनीकी संसाधनों तक पहुंच हर विद्यार्थी के लिए आवश्यक है। उन्होंने कहा कि संस्था का प्रयास है कि आर्थिक अभाव किसी भी प्रतिभाशाली बच्चे की शिक्षा में बाधा न बने।

विद्यार्थियों एवं उनके अभिभावकों ने इस प्रेरणादायी पहल के लिए अर्पिता महिला मंडल के प्रति आभार व्यक्त करते हुए इसे शिक्षा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण सहयोग बताया।

कार्यक्रम में उपाध्यक्षा रीता मिश्रा, रूपा रानी, रीता तिवारी और नीरू हंजुरा सहित अन्य सदस्यगण भी उपस्थित रहीं।

अर्पिता महिला मंडल सामाजिक और शैक्षणिक उत्थान के लिए निरंतर कार्यरत है तथा बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभा रहा है।

Verified by MonsterInsights