– अभिनव श्रीवास्तव
पटना। देशभर के वेब एवं डिजिटल पत्रकारों के हितों की रक्षा, उनके अधिकारों को सशक्त बनाने तथा डिजिटल पत्रकारिता को संगठित स्वरूप प्रदान करने के उद्देश्य से कार्यरत वेब जर्नलिस्ट्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया (WJAI) की बिहार प्रदेश इकाई की नई कार्यकारिणी का गठन कर दिया गया है। संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष आनंद कौशल की स्वीकृति के उपरांत राष्ट्रीय महासचिव मधुप मणि “पिक्कू” द्वारा नई कार्यकारिणी की घोषणा की गई।
नई कार्यकारिणी में LiveCities के वरिष्ठ पत्रकार अक्षय आनंद को बिहार प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। वहीं लाइव खबर के मुख्य संपादक एवं प्रकाशक संतोष श्रीवास्तव “अंजान जी” को संगठन की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी प्रदेश संगठन सचिव के रूप में सौंपी गई है।
कार्यकारिणी में इन पदाधिकारियों को मिली जिम्मेदारी
प्रदेश कार्यकारिणी में प्रफुल झा (Pratek News), अंशु कुमार झा (News PR), अभिषेक सिंह (IANS News Agency) एवं अमर कुमार सिन्हा (बिहार पत्रिका) को उपाध्यक्ष बनाया गया है। सागर कुमार (News Haat) को महासचिव की जिम्मेदारी दी गई है।
सचिव पद पर करुणा कुमारी (Patna Press), रोहित मेहता (BBN News), रौशन सनगही (Inquilab India, भागलपुर) तथा अंजनी पांडेय (प्रभात खबर) को नियुक्त किया गया है। वहीं संयुक्त सचिव के रूप में राज कमल (प्रभात खबर), अरविंद जी (SDF न्यूज़), सुभाष यादव (जयनगर न्यूज़) एवं आदित्य कुमार (JamGhat Live) को दायित्व सौंपा गया है।
इसके अतिरिक्त सिमरनजीत सिंह (बिहार न्यूज़) को ऑफिस सेक्रेटरी, रत्नेश पांडेय (Bihar News Today) को कोषाध्यक्ष तथा रवि भूषण (भारत वार्ता) को वर्किंग कमेटी का सदस्य बनाया गया है।

डिजिटल पत्रकारों को मिलेगा मजबूत मंच
राष्ट्रीय अध्यक्ष आनंद कौशल ने नई टीम को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि बिहार में डिजिटल पत्रकारिता तेजी से विकसित हो रही है। ऐसे समय में एक मजबूत और सक्रिय प्रदेश कार्यकारिणी पत्रकारों की समस्याओं के समाधान, उनके अधिकारों की सुरक्षा तथा पेशेवर विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
राष्ट्रीय महासचिव मधुप मणि “पिक्कू” ने विश्वास व्यक्त किया कि नई टीम संगठन के उद्देश्यों को जन-जन तक पहुँचाने के साथ-साथ अधिकाधिक वेब एवं डिजिटल पत्रकारों को संगठन से जोड़ने का कार्य करेगी।
प्रदेश अध्यक्ष ने जताया विश्वास
नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष अक्षय आनंद ने सभी पदाधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि बिहार में संगठन को जिला स्तर तक मजबूत और सक्रिय बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि वर्तमान में रिक्त पदों पर शीघ्र ही योग्य, अनुभवी एवं सक्रिय पत्रकारों का मनोनयन किया जाएगा, ताकि संगठन की गतिविधियों का विस्तार पूरे राज्य में प्रभावी ढंग से हो सके।
उन्होंने कहा कि WJAI का उद्देश्य केवल संगठन बनाना नहीं, बल्कि डिजिटल पत्रकारों को एक सशक्त मंच उपलब्ध कराना है, जहाँ उनकी समस्याओं का समाधान हो, उनके अधिकारों की रक्षा हो और पत्रकारिता के उच्च मानकों को बढ़ावा मिले।
नई कार्यकारिणी के गठन के बाद बिहार के वेब एवं डिजिटल पत्रकारों में उत्साह का माहौल है। पत्रकारों ने उम्मीद जताई है कि नई टीम संगठन को नई ऊँचाइयों तक ले जाने के साथ-साथ पत्रकार हितों की रक्षा और डिजिटल मीडिया की विश्वसनीयता को मजबूत करने की दिशा में प्रभावी कार्य करेगी।
