स्वच्छता पखवाड़ा-2026 का सीसीएल में समापन

Live ख़बर

Santosh K Srivastav : Editor in Chief & Publisher

‘मिस्टर लापरवाह’ नुक्कड़ नाटक से दिया स्वच्छता का संदेश, सफाई मित्रों को किया सम्मानित

रांची, 30 जून 2026। सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (सीसीएल) में 16 जून से चल रहे ‘स्वच्छता पखवाड़ा-2026’ का मंगलवार को समारोहपूर्वक समापन हुआ। मुख्यालय सहित सभी क्षेत्रों में आयोजित इस अभियान के दौरान स्वच्छता, जन-जागरूकता और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े अनेक कार्यक्रम आयोजित किए गए। समापन समारोह में सफाई मित्रों को स्वच्छता किट प्रदान कर सम्मानित किया गया, जबकि ‘मिस्टर लापरवाह’ नुक्कड़ नाटक ने स्वच्छता का प्रभावशाली संदेश दिया।

समापन समारोह में सीसीएल के निदेशक (मानव संसाधन) हर्ष नाथ मिश्र एवं निदेशक (तकनीकी/संचालन) चंद्र शेखर तिवारी मुख्य रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम में महाप्रबंधकों, विभागाध्यक्षों, अधिकारियों और बड़ी संख्या में कर्मचारियों ने भाग लिया।

इस अवसर पर हर्ष नाथ मिश्र ने कहा कि स्वच्छता केवल एक अभियान नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक के जीवन का अभिन्न हिस्सा होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि सीसीएल पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता और सामाजिक उत्तरदायित्व के प्रति निरंतर प्रतिबद्ध है तथा सभी हितधारकों के सहयोग से स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण के निर्माण के लिए कार्य करता रहेगा।

चंद्र शेखर तिवारी ने अपने संबोधन में कहा कि स्वच्छ कार्यस्थल बेहतर कार्य संस्कृति, सुरक्षा और उत्पादकता का आधार है। उन्होंने कर्मचारियों से स्वच्छता को अपनी दैनिक आदत बनाने और इस अभियान को निरंतर आगे बढ़ाने की अपील की।

‘मिस्टर लापरवाह’ ने किया जागरूक

समापन समारोह का प्रमुख आकर्षण ‘मिस्टर लापरवाह’ शीर्षक नुक्कड़ नाटक रहा। नाटक के माध्यम से सार्वजनिक स्थानों पर कचरा फैलाने जैसी लापरवाह आदतों पर व्यंग्यात्मक प्रस्तुति देते हुए स्वच्छता के प्रति जिम्मेदार व्यवहार अपनाने का संदेश दिया गया।

सफाई मित्रों का सम्मान

कार्यक्रम के दौरान सीसीएल के सफाई मित्रों एवं स्वच्छता कर्मियों को उनके समर्पित योगदान के लिए सम्मानित किया गया। निदेशक (मानव संसाधन) एवं निदेशक (तकनीकी/संचालन) ने उन्हें कैनवास बैग, टी-शर्ट, ग्लव्स, मास्क, सैनिटाइजर, टिफिन बॉक्स और तौलिया सहित स्वच्छता किट प्रदान की।

पखवाड़े में हुए विविध आयोजन

स्वच्छता पखवाड़ा-2026 के दौरान सीसीएल के सभी क्षेत्रों, कॉलोनियों और कार्यस्थलों पर स्वच्छता अभियान, श्रमदान, जन-जागरूकता कार्यक्रम और पर्यावरण संरक्षण गतिविधियों का आयोजन किया गया। रांची के ऐतिहासिक पहाड़ी मंदिर परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में विशेष सफाई अभियान चलाया गया।

पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किए गए तथा सिंगल-यूज प्लास्टिक के उपयोग को हतोत्साहित करने के लिए जागरूकता रैलियां निकाली गईं।

28 जून को कलाकृति स्कूल ऑफ आर्ट्स के सहयोग से आयोजित ‘स्वच्छता ऑन कैनवास-2026’ चित्रकला प्रतियोगिता में रांची के 30 विद्यालयों के 180 से अधिक विद्यार्थियों ने भाग लेकर स्वच्छता का संदेश चित्रों के माध्यम से प्रस्तुत किया।

अरगड़ा क्षेत्र की वर्कशॉप में स्क्रैप सामग्री से ‘मेक इन इंडिया’ की प्रतिमा बनाकर ‘कबाड़ से कंचन’ का संदेश दिया गया। वहीं रजरप्पा, कुजू और बरकासयाल क्षेत्रों में वॉल पेंटिंग, निबंध प्रतियोगिता, नुक्कड़ नाटक और जूट व कपड़े के थैलों के वितरण जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से स्वच्छता के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाई गई।

पहाड़ी मंदिर परिसर में चला विशेष अभियान

स्वच्छता पखवाड़ा के अंतिम दिन रांची के ऐतिहासिक पहाड़ी मंदिर परिसर में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। सीसीएल के अधिकारियों और कर्मचारियों ने परिसर की साफ-सफाई कर स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

कार्यक्रम का समापन इस संकल्प के साथ हुआ कि स्वच्छता केवल एक अभियान नहीं, बल्कि जीवनशैली का हिस्सा बने। सीसीएल परिवार ने स्वच्छ, स्वस्थ और विकसित भारत के निर्माण में निरंतर सक्रिय योगदान देने का संकल्प दोहराया।