बोकारो में विधि-व्यवस्था सुदृढ़ करने के लिए पुलिस को मिलीं 53 नई मोटरसाइकिलें: एसपी ने किया वितरण

Live ख़बर

–लाइव ख़बर नेशन || संतोष श्रीवास्तव

जीपीएस और सायरन से लैस बाइक से संकरी गलियों में बढ़ेगी गश्त, गश्ती दल आम लोगों से साझा करेगा मोबाइल नंबर

बोकारो, 13 अक्टूबर 2026: जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने, अपराध पर प्रभावी नियंत्रण और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पुलिस मुख्यालय से प्राप्त 53 नई मोटरसाइकिलों का वितरण पुलिस अधीक्षक द्वारा विभिन्न थानों और पुलिस पदाधिकारियों के बीच किया गया। ये सभी मोटरसाइकिलें आधुनिक जीपीएस ट्रैकिंग सिस्टम और सायरन से लैस हैं, जिनकी गतिविधियों की सीधी निगरानी वरीय पदाधिकारियों द्वारा की जाएगी।

इन मोटरसाइकिलों के बेड़े में शामिल होने से पुलिस की गश्त व्यवस्था काफी सशक्त होगी। विशेष रूप से आगामी दशहरा पर्व के दौरान पूजा पंडालों, भीड़भाड़ वाले बाजारों, संवेदनशील इलाकों और संकरे रास्तों व गलियों में पुलिस की सीधी पहुंच आसान हो सकेगी। इससे किसी भी आपात स्थिति या शिकायत पर पुलिस बल को त्वरित कार्रवाई करने में बड़ी मदद मिलेगी।

पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि आवंटित वाहनों का उपयोग नियमित गश्त, अपराध नियंत्रण और त्योहारों में शांति व्यवस्था बनाए रखने में पूरी सक्रियता से करें। साथ ही यह भी निर्देश दिया कि प्रतिदिन इन बाइकों से गश्त करने वाले पुलिसकर्मी और पदाधिकारी अपना मोबाइल नंबर स्थानीय व्हाट्सएप ग्रुपों व मीडिया में साझा करेंगे, ताकि जरूरत पड़ने पर आम जनता उनसे तुरंत संपर्क कर सके। उल्लेखनीय है कि इससे पहले भी जिले के थानों को 103 मोटरसाइकिलें और 78 बोलेरो वाहन उपलब्ध कराए जा चुके हैं। इन 53 नई बाइकों के जुड़ने से बोकारो पुलिस की कार्यप्रणाली और गश्त प्रणाली और अधिक प्रभावी बनेगी।

Verified by MonsterInsights