जनता दरबार में 40 मामलों की सुनवाई

Live ख़बर

– Santosh K Srivastav : Editor in Chief & Publisher

डीसी ने अधिकारियों को दिए समयबद्ध निष्पादन के निर्देश, छात्रावास की बदहाली पर तत्काल जांच और कार्रवाई के आदेश

बोकारो, 03 जुलाई 2026 | जिला प्रशासन की ओर से शुक्रवार को समाहरणालय स्थित कार्यालय सभागार में “हम आपको सुनते हैं” (लोक संवाद) कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उपायुक्त अजय नाथ झा ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे लोगों की समस्याएं सुनीं और कुल 40 मामलों पर सुनवाई करते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से शिकायतों के निष्पादन के निर्देश दिए।

जनसुनवाई के दौरान सिटी कॉलेज परिसर स्थित एससी-एसटी छात्रावास के छात्रों ने पेयजल, पहुंच पथ और साफ-सफाई की समस्याओं से उपायुक्त को अवगत कराया। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए उपायुक्त ने जिला कल्याण पदाधिकारी सुचिता किरण को तत्काल छात्रावास का निरीक्षण कर विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने तथा आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई शुरू करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को बेहतर और सुरक्षित शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

कार्यक्रम के दौरान भूमि विवाद, राजस्व, शिक्षा, बिजली, बीएसएल, डीपीएलआर, कल्याण, आपूर्ति विभाग तथा विभिन्न अंचल कार्यालयों से संबंधित मामलों पर भी सुनवाई की गई। उपायुक्त ने अधिकारियों से कहा कि शिकायतों के समाधान में केवल औपचारिकता न निभाई जाए, बल्कि प्रत्येक मामले का संवेदनशीलता और गंभीरता के साथ निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

उपायुक्त अजय नाथ झा ने कहा कि जनता का विश्वास प्रशासन की सबसे बड़ी पूंजी है। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देश दिया कि लोगों की समस्याओं का त्वरित, प्रभावी और गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित करें, ताकि आम नागरिकों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।

लोक संवाद कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त शताब्दी मजूमदार, अपर समाहर्ता सुनील चन्द्र, प्रशिक्षु आईएएस अरविंद, डीपीएलआर पूर्णिमा कुमारी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रवि कुमार, जिला कल्याण पदाधिकारी सुचिता किरण, प्रभारी पदाधिकारी जन शिकायत हेमलता बून, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी अविनाश कुमार सिंह, डीडीएमओ शक्ति कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Verified by MonsterInsights