– Santosh K Srivastav : Editor in Chief & Publisher
यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए विशेष अभियान जारी, 76,500 रुपये का जुर्माना वसूला
बोकारो, 03 जुलाई 2026 | शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने और सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से बोकारो पुलिस ने नियमों का उल्लंघन करने वाले ऑटो एवं टोटो चालकों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर ट्रैफिक डीएसपी अजय प्रसाद के नेतृत्व में चलाए गए अभियान के दूसरे दिन 29 वाहनों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कुल 76,500 रुपये का जुर्माना वसूला गया। कई वाहनों को जब्त भी किया गया।
विशेष अभियान के तहत सेक्टर-4 थाना क्षेत्र के सिटी सेंटर और आसपास के व्यस्त चौराहों पर 150 से अधिक ऑटो एवं टोटो वाहनों की जांच की गई। इस दौरान वाहनों की फिटनेस, ड्राइविंग लाइसेंस, परमिट तथा अन्य आवश्यक दस्तावेजों की जांच की गई। जांच के दौरान मोटर वाहन अधिनियम के विभिन्न प्रावधानों का उल्लंघन करने वाले 29 वाहन पकड़े गए, जिन पर नियमानुसार कार्रवाई की गई।
ट्रैफिक डीएसपी अजय प्रसाद ने बताया कि यह अभियान केवल औपचारिक कार्रवाई नहीं, बल्कि शहर में यातायात व्यवस्था को सुधारने और सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण के लिए लगातार चलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि आम लोगों की सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है और यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित करने के लिए नियमित जांच अभियान जारी रहेगा।
अभियान के दौरान पुलिस अधिकारियों ने ऑटो एवं टोटो चालकों को यातायात नियमों के पालन के प्रति जागरूक भी किया। उन्हें निर्धारित स्टैंड से ही सवारी बैठाने, सड़क पर अव्यवस्थित तरीके से वाहन खड़ा नहीं करने तथा सुरक्षित वाहन संचालन के निर्देश दिए गए।
ट्रैफिक डीएसपी ने चेतावनी दी कि भविष्य में यदि कोई चालक निर्धारित स्टैंड के बजाय सड़क पर सवारी बैठाते या यातायात नियमों का उल्लंघन करते पाया गया, तो उसके खिलाफ और अधिक कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
