गुरु गोबिंद सिंह एजुकेशनल सोसायटी टेक्निकल कैम्पस में ‘MSME दिवस पर 17 उद्यमी सम्मानित

Live ख़बर

– Santosh K Srivastav : Editor in Chief & Publisher

विश्व एमएसएमई दिवस पर स्वरोजगार और नवाचार को बढ़ावा देने का संदेश, युवाओं से जॉब सीकर नहीं जॉब क्रिएटर बनने का आह्वान

बोकारो, 03 जुलाई 2026 | विश्व एमएसएमई दिवस के अवसर पर चास के कांड्रा स्थित गुरु गोबिंद सिंह एजुकेशनल सोसायटी टेक्निकल कैम्पस (जीजीईएसटीसी) में ‘विश्व एमएसएमई दिवस एवं उद्यमी सम्मान समारोह–2026’ का आयोजन किया गया। झारखंड स्मॉल टाइनी सर्विस बिजनेस एंटरप्राइजेज एसोसिएशन (JSTSBEA), बोकारो द्वारा चतुर्भुज राजेश्वरी फाउंडेशन के सहयोग से आयोजित इस समारोह में विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले 17 सफल उद्यमियों को ‘उद्यमी सम्मान–2026’ से सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य एमएसएमई क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले उद्यमियों को प्रोत्साहित करने के साथ-साथ युवाओं में नवाचार, स्वरोजगार और उद्यमिता की भावना को बढ़ावा देना था।

कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन और सरस्वती वंदना के साथ हुई। समारोह के मुख्य आयोजक जेएसटीएसबीईए के प्रदेश अध्यक्ष कुंदन उपाध्याय रहे। मुख्य अतिथि के रूप में टाटा पावर सोलर लिमिटेड के एरिया सेल्स मैनेजर अरविंद कुमार, एमएसएमई एसोसिएशन ऑफ झारखंड के अध्यक्ष शशि भूषण, उद्यमी विकास संघ के अध्यक्ष संजय भारती तथा रांची के इंडस्ट्रियल एक्सपर्ट विवेक कुमार उपस्थित रहे।

अपने संबोधन में वक्ताओं ने कहा कि सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (एमएसएमई) देश की अर्थव्यवस्था की मजबूत नींव हैं और ‘आत्मनिर्भर भारत’ के लक्ष्य को साकार करने में इनकी भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने युवाओं से रोजगार पाने की सोच से आगे बढ़कर रोजगार सृजित करने की दिशा में कदम बढ़ाने का आह्वान किया।

संस्थान के अध्यक्ष एवं मुख्य संरक्षक तरसेम सिंह ने कहा कि युवा केवल नौकरी की तलाश तक सीमित न रहें, बल्कि उद्यमिता को अपनाकर स्वयं रोजगार के अवसर पैदा करें। संस्थान के सचिव एवं संरक्षक सुरेंद्र पाल सिंह ने कहा कि स्थानीय उद्योगों को बढ़ावा देने से क्षेत्र में रोजगार के नए अवसर विकसित होंगे और आर्थिक गतिविधियों को गति मिलेगी।

संस्थान के निदेशक डॉ. प्रियदर्शी जरुहार ने विद्यार्थियों को नवाचार आधारित और ‘आउट-ऑफ-द-बॉक्स’ सोच विकसित करने की प्रेरणा देते हुए कहा कि नई सोच ही तरक्की का रास्ता खोलती है। प्रशासनिक एवं विधि अधिकारी पल्लवी प्रसाद ने सम्मानित उद्यमियों को बधाई देते हुए आयोजन से जुड़े सभी सदस्यों के प्रयासों की सराहना की।

समारोह में संस्थान के शिक्षक, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में प्रो. (डॉ.) मनोजीत डे ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया। राष्ट्रगान के साथ समारोह का समापन हुआ।