पेट जांच शिविर में 75 से अधिक लोगों की स्क्रीनिंग

Live ख़बर

– रंजीत प्रसाद सिन्हा : संवाददाता

डॉ. अमित बंका के मार्गदर्शन में पेट एवं लिवर रोगों की जांच, समय पर जांच और जागरूकता पर दिया गया जोर

पटना, 12 जुलाई 2026 | मारवाड़ी हेल्थ सोसाइटी, पटना के तत्वावधान में विशेष पेट एवं लिवर जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में गैस्ट्रोएंटरोलॉजिस्ट डॉ. अमित बंका के सहयोग से 75 से अधिक लोगों के पेट एवं लिवर की जांच की गई। शिविर का उद्देश्य लोगों को पाचन तंत्र एवं लीवर संबंधी बीमारियों के प्रति जागरूक करना तथा समय पर जांच और उपचार के लिए प्रेरित करना था।

जांच के दौरान लगभग 20 लोगों में विभिन्न प्रकार की स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के संकेत मिले, जिन्हें आगे की जांच एवं उपचार के लिए चिकित्सकीय परामर्श दिया गया।

इस अवसर पर डॉ. अमित बंका ने कहा कि अनियमित खान-पान, अत्यधिक तैलीय भोजन, शराब का सेवन, मोटापा तथा मधुमेह जैसी स्थितियों के कारण लीवर संबंधी बीमारियां तेजी से बढ़ रही हैं। उन्होंने लोगों से समय-समय पर स्वास्थ्य जांच कराने की अपील की।

उन्होंने बताया कि फाइब्रोस्कैन (FibroScan) एक आधुनिक, दर्दरहित और बिना चीर-फाड़ की जांच तकनीक है, जिसके माध्यम से लीवर की कठोरता (Liver Stiffness) तथा फैटी लीवर की स्थिति का सटीक आकलन किया जाता है। यह जांच कुछ ही मिनटों में पूरी हो जाती है और इसमें मरीज को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होती।

मारवाड़ी हेल्थ सोसाइटी के अध्यक्ष राधेश्याम बंसल ने कहा कि संस्था का उद्देश्य समाज के प्रत्येक वर्ग तक बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के स्वास्थ्य शिविर नियमित रूप से आयोजित किए जाने चाहिए, ताकि लोग गंभीर बीमारियों की समय रहते पहचान करा सकें।

कार्यकारी अध्यक्ष हनुमान गोयल ने कहा कि शिविर के माध्यम से बड़ी संख्या में लोगों को पेट एवं लीवर संबंधी रोगों के प्रति जागरूक किया गया। वहीं, सचिव दिनेश अग्रवाल ने शिविर के सफल आयोजन में सहयोग देने वाले चिकित्सकों और सभी सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी कार्यक्रम आयोजित करने की बात कही।

शिविर के समापन पर उपस्थित लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए उपयोगी और आवश्यक बताया।