– रंजीत प्रसाद सिन्हा : संवाददाता
20 जुलाई को होगा गुरु गोविंद सिंह अस्पताल के नए भवन का लोकार्पण, 100 बेड, 30 बेड ICU और अत्याधुनिक चिकित्सा सुविधाएं होंगी उपलब्ध
पटना सिटी, 14 जुलाई। पटना साहिब विधानसभा क्षेत्र को स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में बड़ी सौगात मिलने जा रही है। नव-निर्मित गुरु गोविंद सिंह अस्पताल का नया भवन 20 जुलाई को जनता को समर्पित किया जाएगा। इस अत्याधुनिक अस्पताल के शुरू होने से क्षेत्र के लोगों को जिला अस्पताल स्तर की बेहतर चिकित्सा सुविधाएं एक ही परिसर में उपलब्ध होंगी।
पटना साहिब के विधायक एवं सचेतक रत्नेश कुशवाहा ने अस्पताल के नव-निर्मित भवन का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने बताया कि 20 जुलाई को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी अस्पताल की नई चिकित्सा सुविधाओं का लोकार्पण करेंगे। उन्होंने कहा कि सरकार नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयासरत है और यह अस्पताल उसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
विधायक ने बताया कि अस्पताल में 100 बिस्तरों की व्यवस्था की गई है, जबकि गंभीर मरीजों के लिए 30 बेड का अत्याधुनिक आईसीयू भी उपलब्ध रहेगा। यहां सर्जरी, मेडिसिन, ऑर्थोपेडिक्स, स्त्री एवं प्रसूति रोग, नेत्र रोग, यूरोलॉजी सहित विभिन्न विभागों की चिकित्सा सेवाएं प्रदान की जाएंगी।

उन्होंने बताया कि महिलाओं के सुरक्षित प्रसव, नवजात शिशुओं की देखभाल तथा मातृ स्वास्थ्य के लिए विशेष सुविधाएं विकसित की गई हैं। साथ ही 20 जुलाई के बाद अस्पताल में डायलिसिस सेवा भी प्रारंभ कर दी जाएगी। अस्पताल में मरीजों की सेवा के लिए चौबीसों घंटे चिकित्सक एवं स्वास्थ्यकर्मी उपलब्ध रहेंगे।
रत्नेश कुशवाहा ने कहा कि यह अस्पताल केवल पटना साहिब ही नहीं, बल्कि पूरे बिहार के लिए एक आदर्श जिला अस्पताल के रूप में विकसित होगा। राज्य सरकार का उद्देश्य आम नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण, सुलभ एवं आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना है, ताकि लोगों को बेहतर इलाज के लिए अन्य स्थानों पर निर्भर न रहना पड़े।
निरीक्षण के दौरान अस्पताल की अधीक्षक डॉ. सुधा शंकर राय, डॉ. राजेश कुमार, डॉ. शबीर खान, मीडिया प्रभारी प्रदीप काश तथा बीरेंद्र सिंह सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
