– रंजीत प्रसाद सिन्हा : संवाददाता
जलवायु परिवर्तन से निपटने के लिए अधिकाधिक पौधे लगाने का आह्वान, हर पर्व और विशेष अवसर पर एक पौधा लगाने का लिया संकल्प
पटना, 16 जुलाई। पटना के मीठापुर स्थित दयानंद बालिका उच्च विद्यालय परिसर में अखिल भारतीय कायस्थ महासभा के महिला प्रकोष्ठ के तत्वावधान में वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व महिला प्रकोष्ठ की राष्ट्रीय महासचिव डॉ. आरती सुमन चौधरी ने किया। इस अवसर पर पर्यावरण संरक्षण, हरियाली बढ़ाने और जलवायु परिवर्तन की चुनौती से निपटने के लिए व्यापक जनभागीदारी का आह्वान किया गया।
मुख्य अतिथि पटना की महापौर सीता साहू ने कहा कि वृक्षारोपण केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि विश्व स्तर पर बढ़ रहे जलवायु परिवर्तन के संकट को कम करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि बढ़ती आबादी और लगातार हो रही पेड़ों की कटाई ने पर्यावरण के सामने गंभीर चुनौती खड़ी कर दी है। ऐसे में प्रत्येक नागरिक को पर्यावरण संरक्षण के लिए आगे आना होगा।

उन्होंने लोगों से अपील की कि प्रत्येक परिवार जन्मदिन, पर्व-त्योहार और पुण्यतिथि जैसे विशेष अवसरों पर कम से कम एक पौधा अवश्य लगाए, ताकि हरियाली बढ़े और आने वाली पीढ़ियों के लिए सुरक्षित पर्यावरण सुनिश्चित किया जा सके।
महिला प्रकोष्ठ की राष्ट्रीय महासचिव डॉ. आरती सुमन चौधरी ने कहा कि ग्लोबल वार्मिंग की बढ़ती चुनौती से निपटने के लिए केवल सरकारी प्रयास पर्याप्त नहीं हैं। सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों की सक्रिय भागीदारी भी आवश्यक है। उन्होंने कहा कि हरियाली ही स्वस्थ पर्यावरण, समृद्ध समाज और सतत विकास का आधार है।
कार्यक्रम में अखिल भारतीय कायस्थ महासभा के गुजरात प्रदेश उपाध्यक्ष प्रदीप श्रीवास्तव, बिहार प्रदेश अध्यक्ष राजीव रंजन सिन्हा तथा महिला प्रकोष्ठ की बिहार प्रदेश अध्यक्ष ऋचा वर्मा ने भी विचार व्यक्त किए। उन्होंने महिलाओं की पर्यावरण संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका की सराहना करते हुए वृक्षारोपण अभियान को प्रखंड और पंचायत स्तर तक पहुंचाने पर जोर दिया।
विद्यालय के सचिव राजीव रंजन ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए इस प्रकार के पर्यावरण संरक्षण कार्यक्रमों की आवश्यकता पर बल दिया। कार्यक्रम में शिव कुमार, चंदन कुमार, अमय कुमार, छवि, हर्षिता, प्रिया सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

