–लाइव ख़बर नेशन || एस०एन०चतुर्वेदी
एक हफ्ते का विशेष अभियान, रोड एंबुलेंस की तैनाती और मेट्रो खुदाई वाली सड़कों को तुरंत दुरुस्त करने का आदेश
पटना, 01 अक्टूबर 2026 : पटना जिले में बाढ़ और मूसलाधार बारिश के चलते क्षतिग्रस्त हुई सड़कों को जल्द से जल्द ठीक करने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह एक्शन मोड में आ गया है। जिलाधिकारी कुंदन कुमार ने बुधवार को पथ निर्माण विभाग, ग्रामीण कार्य विभाग, एनएच प्रमंडल, पुल निर्माण निगम और नगर निकायों के अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। बैठक में स्पष्ट निर्देश दिया गया कि अगले एक सप्ताह तक शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक सभी खराब सड़कों की प्राथमिकता सूची बनाकर मरम्मत कार्य को मिशन मोड में पूरा किया जाए।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि सड़कों की खराबी का पता लगाने और त्वरित समाधान के लिए एक ठोस निगरानी तंत्र (मैकेनिज्म) बनाया जाए। इसके लिए पर्याप्त संख्या में ‘रोड एंबुलेंस’ तैनात की जाएंगी ताकि गड्ढों को तत्काल भरा जा सके। जो सड़कें अभी ठेकेदारों की गारंटी या मेंटेनेंस अवधि में हैं, उन्हें संबंधित एजेंसियों से नियमानुसार तुरंत दुरुस्त कराया जाएगा।
मेट्रो रेल और गैस पाइपलाइन कार्य के दौरान खोदी गई सड़कों पर जिलाधिकारी ने कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने कहा कि काम पूरा होते ही संबंधित एजेंसियां सड़कों की बेहतर गुणवत्ता के साथ तत्काल मरम्मत सुनिश्चित करें। पटना मेट्रो को राजेंद्र नगर टर्मिनल के पास की खराब सड़क को तुरंत ठीक करने की हिदायत दी गई। इसके अलावा पैदल यात्रियों की सुरक्षा के लिए नए फुटओवर ब्रिज बनाने के स्थानों को चिन्हित करने और खराब एस्केलेटरों को चालू करने को कहा गया है।
बैठक में ट्रैफिक एसपी सागर कुमार ने हादसों से बचाव के लिए सभी अवैध क्रॉसिंग को तुरंत बंद करने और फुटपाथों से अतिक्रमण हटाने का आदेश दिया। साथ ही निर्देश दिया गया कि सड़क पर वाहन खराब होने या पेड़ गिरने की स्थिति में तुरंत राहत टीम पहुंचे ताकि ट्रैफिक जाम न लगे। जिलाधिकारी ने सभी अनुमंडल पदाधिकारियों (एसडीओ) को अपने-अपने इलाकों में चल रहे मरम्मत कार्यों की नियमित जमीनी समीक्षा करने का निर्देश दिया है।
