–लाइव ख़बर नेशन || एस०एन०चतुर्वेदी
6 अक्टूबर तक होगा नामांकन, निष्पक्ष चुनाव के लिए बनेंगे उड़नदस्ते; आचार संहिता के कड़ाई से पालन का आदेश
पटना, 01 अक्टूबर 2026 : बिहार विधान परिषद के पटना स्नातक और पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के द्विवार्षिक चुनाव को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां तेज हो गई हैं। निर्वाची पदाधिकारी सह पटना प्रमंडलीय आयुक्त राजेश कुमार ने सोमवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से पटना, नालंदा और नवादा जिले के जिलाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की और सभी चुनावी कार्य समय पर पूरे करने के कड़े निर्देश दिए।
आयुक्त ने चुनावी कार्यक्रम की जानकारी देते हुए बताया कि पटना प्रमंडलीय आयुक्त कार्यालय में नामांकन की प्रक्रिया 29 सितंबर से शुरू हो चुकी है, जो 6 अक्टूबर तक चलेगी। इसके बाद 7 अक्टूबर को नामांकन पत्रों की जांच (स्क्रूटिनी) की जाएगी और 9 अक्टूबर तक प्रत्याशी अपना नाम वापस ले सकेंगे। मतदान 23 अक्टूबर को सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक कराया जाएगा, जबकि मतगणना 27 अक्टूबर को होगी।
बैठक के दौरान आयुक्त राजेश कुमार ने मतपेटियों, आवश्यक मतदान सामग्री और चुनावी ड्यूटी में लगने वाले वाहनों का पहले से आकलन कर पर्याप्त व्यवस्था करने को कहा। उन्होंने निर्देश दिया कि मतदान कर्मियों की सूची बनाकर उन्हें समय पर चुनावी कार्यों का बेहतर प्रशिक्षण दिया जाए, ताकि वोटिंग के दौरान किसी भी प्रकार की तकनीकी या प्रशासनिक बाधा न आए। इसके साथ ही जिलाधिकारियों द्वारा हस्ताक्षरित अद्यतन मतदाता सूची की प्रति आयुक्त कार्यालय में जमा कराने को कहा गया है।
आदर्श आचार संहिता का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के लिए सभी जिलों में पर्याप्त संख्या में उड़नदस्तों (फ्लाइंग स्क्वायड) का गठन करने और राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश साझा करने का आदेश दिया गया। कानून-व्यवस्था और आचार संहिता की दैनिक रिपोर्ट नियमित रूप से प्रमंडलीय कार्यालय को भेजी जाएगी। आयुक्त ने अधिकारियों को त्वरित संपर्क के लिए एक प्रभावी कम्युनिकेशन प्लान तैयार करने को कहा, जिससे आपसी समन्वय बेहतर बना रहे और पूरी चुनावी प्रक्रिया पारदर्शी रूप से पूरी हो सके।
इस समीक्षा बैठक में सहायक निर्वाची पदाधिकारी विजय कुमार, आयुक्त के सचिव विनय कुमार ठाकुर और उप मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी रोशन अली समेत अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
