उसरी-खगौल रोड पर इंडियन ऑयल के नए पेट्रोल पंप का उद्घाटन

Live ख़बर

– रंजीत प्रसाद सिन्हा : संवाददाता

राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री दिलीप जायसवाल ने किया ‘लीला सर्विसेज’ का शुभारंभ, स्थानीय रोजगार और जनसुविधा को मिलेगा बढ़ावा

दानापुर, 16 जुलाई। पटना के उसरी-खगौल रोड स्थित उसरी मोड़ पर इंडियन ऑयल के नए पेट्रोल पंप ‘लीला सर्विसेज’ का भव्य उद्घाटन किया गया। समारोह में जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, स्थानीय नागरिकों एवं गणमान्य लोगों की उपस्थिति रही। नए पेट्रोल पंप के शुभारंभ को क्षेत्रीय विकास और जनसुविधा की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया गया।

उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि बिहार सरकार के राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री दिलीप जायसवाल थे। उनके आगमन पर ऋषि कुमार सौरभ, संजय कुमार, भाजपा नेता अभिनंदन यादव तथा जमालुद्दीन चक के उपसरपंच विकास कुमार ‘पप्पू’ ने पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया।

अपने संबोधन में मंत्री दिलीप जायसवाल ने ‘लीला सर्विसेज’ के संचालकों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि निजी क्षेत्र में इस प्रकार के नए व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की स्थापना राज्य के आर्थिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रतिष्ठान गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराने के साथ-साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर भी सृजित करते हैं और क्षेत्र की आर्थिक गतिविधियों को गति देते हैं।

उन्होंने विश्वास जताया कि ‘लीला सर्विसेज’ उपभोक्ताओं को उच्च गुणवत्ता वाला ईंधन और बेहतर ग्राहक सेवाएं उपलब्ध कराएगी। साथ ही दानापुर-खगौल मार्ग से प्रतिदिन गुजरने वाले हजारों यात्रियों के लिए यह पेट्रोल पंप एक महत्वपूर्ण सुविधा केंद्र साबित होगा।

समारोह में परसा की विधायक डॉ. करिश्मा राय, जीएसटी आयुक्त विजय कुमार, केजी पेट्रोल पंप की प्रोपराइटर माया कुमारी, डॉ. विमल कुमार, खगौल नगर परिषद के निवर्तमान अध्यक्ष सुजीत कुमार, पूर्व उपाध्यक्ष सुनील कुमार, सूत्रधार संस्था के महासचिव नवाब आलम, जमालुद्दीन चक के मुखिया पति पप्पू पासवान, सरपंच पति रूपेश कुमार, उपसरपंच विकास कुमार ‘पप्पू’ सहित अनेक जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

अतिथियों ने अपने संबोधन में कहा कि नए पेट्रोल पंप की शुरुआत से स्थानीय व्यापार को बढ़ावा मिलेगा, रोजगार के अवसर बढ़ेंगे तथा क्षेत्र के लोगों और यात्रियों को आधुनिक एवं सुविधाजनक ईंधन सेवाएं उपलब्ध होंगी। उन्होंने इसे दानापुर-खगौल क्षेत्र के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।

Verified by MonsterInsights