तीन दिवसीय नेत्र शिविर सम्पन्न

Live ख़बर

Santosh K Srivastav : Editor in Chief & Publisher

ओएनजीसी सीबीएम परिसंपत्ति, बोकारो की सीएसआर पहल से चंदनकियारी की तीन पंचायतों में 1,181 लोगों की हुई निःशुल्क नेत्र जांच, 166 मोतियाबिंद मरीजों का हुआ चयन

बोकारो, 19 जुलाई। ओएनजीसी सीबीएम परिसंपत्ति, बोकारो ने अपने कॉर्पोरेट सामाजिक दायित्व (सीएसआर) कार्यक्रम के तहत अनुग्रह दृष्टिदान के सहयोग से चंदनकियारी प्रखंड की अमलाबाद, सिलफोर और नयावन पंचायतों में तीन दिवसीय निःशुल्क नेत्र जांच एवं मोतियाबिंद ऑपरेशन शिविर का सफल आयोजन किया। शिविर में कुल 1,181 ग्रामीणों की नेत्र जांच की गई, जबकि 166 मोतियाबिंद मरीजों का चयन निःशुल्क ऑपरेशन के लिए किया गया।

कार्यक्रम के तहत 16 जुलाई को अमलाबाद पंचायत में आयोजित शिविर में 568 लोगों की आंखों की जांच की गई। इनमें 381 लोगों को दवाएं, 453 लोगों को चश्मे उपलब्ध कराए गए तथा 67 लोगों में मोतियाबिंद की पहचान हुई।

18 जुलाई को सिलफोर पंचायत के भाव मेला पड़ुवा गांव में आयोजित शिविर में 283 लोगों की जांच की गई। इनमें 202 लोगों को दवा, 235 लोगों को चश्मा वितरित किया गया तथा 29 लोगों को मोतियाबिंद से पीड़ित पाया गया।

19 जुलाई को नयावन पंचायत के कुलटांड स्थित शहीद शक्तिनाथ महतो स्मारक विद्यालय में आयोजित अंतिम शिविर में 330 लोगों की जांच की गई। इस दौरान 231 लोगों को दवा, 229 लोगों को चश्मा उपलब्ध कराया गया तथा 70 लोगों का चयन मोतियाबिंद ऑपरेशन के लिए किया गया।

शिविर के दौरान डॉ. आलोक अग्रवाल और विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने निःशुल्क नेत्र परीक्षण के साथ-साथ ग्रामीणों का रक्तचाप (बीपी) एवं ब्लड शुगर की भी जांच की। अनुग्रह दृष्टिदान के विशेषज्ञों ने मोतियाबिंद से प्रभावित मरीजों का विस्तृत परीक्षण किया। चयनित मरीजों को निःशुल्क ऑपरेशन के लिए अग्रवाल लेजर आई हॉस्पिटल, बोकारो भेजा गया।

ओएनजीसी के परिसंपत्ति प्रबंधक राजीव कुमार सिन्हा ने कहा कि ओएनजीसी अपने सामाजिक दायित्वों के तहत क्षेत्र के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक कल्याण के क्षेत्र में सीएसआर योजनाओं के माध्यम से लगातार कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने स्थानीय लोगों से ओएनजीसी की विकास परियोजनाओं में सहयोग करने की अपील भी की।

ओएनजीसी के अधिकारी आर. बी. सिंह ने शिविर की उपयोगिता पर प्रकाश डालते हुए ग्रामीणों से स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता अपनाने का आग्रह किया। वहीं, अनुग्रह दृष्टिदान के मुख्य प्रबंधक संजय ओटवाल ने बताया कि ओएनजीसी के सहयोग से पूर्व में भी गोमिया, अमलाबाद और अन्य क्षेत्रों में ऐसे शिविर सफलतापूर्वक आयोजित किए जा चुके हैं।

शिविर के दौरान अमलाबाद थाना प्रभारी कौशेलेंद्र कुमार, चंदनकियारी थाना प्रभारी अमित राय, प्रमुख (मानव संसाधन) दयानंद कालुंदिया, परिसंपत्ति सपोर्ट प्रबंधक अनिता यादव, प्रभारी-सीएसआर डॉली कुमारी, प्रमुख-कूप सेवाएं विकास चंद्र सिंह, प्रभारी-सीसी अजय कुमार दास, प्रोजेक्ट मैनेजर अभिनव कुमार, प्रबंधक (मानव संसाधन) अनोखेलाल, प्रभारी-चिकित्सा आशीष यादव, चिकित्साधिकारी डॉ. शशांक शेखर सहित ओएनजीसी के कई अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Verified by MonsterInsights