– रंजीत प्रसाद सिन्हा : संवाददाता
श्री गोपी कृष्ण गोआश्रम की तृतीय वर्षगांठ पर आयोजित समारोह में नागालैंड के राज्यपाल ने लगभग 40 गोसेवकों को किया सम्मानित
पटना, 19 जुलाई। श्री गोपी कृष्ण गोआश्रम, पटना में रविवार को तृतीय वर्षगांठ सह गोसेवक सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। समारोह के मुख्य अतिथि नागालैंड के राज्यपाल नन्द किशोर यादव ने कार्यक्रम का शुभारंभ किया तथा गोसेवा और गोसंरक्षण के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले लगभग 40 गोसेवकों को सम्मानित किया। कार्यक्रम में सामाजिक, धार्मिक और विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।
समारोह का शुभारंभ महापुरुषों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण के साथ हुआ। इसके बाद मुख्य अतिथि नन्द किशोर यादव, कार्यक्रम के उद्घाटनकर्ता विजय किशोरपुरिया तथा विशिष्ट अतिथि रमेश गुप्ता ने गोआश्रम परिसर का भ्रमण कर वहां की व्यवस्थाओं का अवलोकन किया।
राष्ट्रीय गीत और राष्ट्रगान की प्रस्तुति के बाद शंखध्वनि एवं वैदिक मंत्रोच्चार के बीच दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन किया गया। स्वागत उद्बोधन गोपाल मोदी ने दिया, जबकि अतिथियों का स्वागत एवं सम्मान भी समारोह के दौरान किया गया।

अपने संबोधन में वक्ताओं ने गोसेवा, गोसंरक्षण और भारतीय संस्कृति में गौवंश के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने समाज से गोसंरक्षण के लिए आगे आने और इस दिशा में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण गोसेवक सम्मान समारोह रहा, जिसमें गोसेवा, गोसंरक्षण, जनजागरण, सामाजिक सहयोग, आर्थिक योगदान तथा श्रमदान के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाले लगभग 40 गोसेवकों को राज्यपाल नन्द किशोर यादव ने सम्मानित किया।
समारोह का संचालन एवं धन्यवाद ज्ञापन डॉ. गीता जैन ने किया। औपचारिक कार्यक्रम के समापन के बाद राज्यपाल ने गोसेवा प्रदर्शनी का उद्घाटन किया और प्रदर्शनी का अवलोकन किया।
आयोजन समिति की ओर से एम. पी. जैन ने समारोह को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी गोभक्तों, समाजसेवियों और नागरिकों के प्रति आभार व्यक्त किया।

