– एस०एन०चतुर्वेदी की रिपोर्ट
मरांची और पंचमहला थानों का वार्षिक तथा मोकामा सहित छह थानों का औचक निरीक्षण; लंबित कांडों के त्वरित अनुसंधान, रात्रि गश्ती और वाहन जांच को प्रभावी बनाने पर जोर
पटना, 11 सितंबर 2026 : पटना ग्रामीण पुलिस अधीक्षक कोमल मीणा द्वारा मरांची एवं पंचमहला थाना का वार्षिक निरीक्षण किया गया। इसके साथ ही मोकामा, हाथीदह, पंडारक, एनटीपीसी, बाढ़ एवं सालिमपुर थाना का औचक निरीक्षण भी किया गया।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ग्रामीण कोमल मीणा ने थाना दैनिकी, हाजत, मालखाना, वायरलेस, सीसीटीएनएस (CCTNS) प्रणाली, सिरिस्ता कार्यों तथा विभिन्न लंबित कांडों के अनुसंधान की समीक्षा की। इसके साथ ही थाना की कार्यप्रणाली एवं अभिलेखों के संधारण का भी बारीकी से अवलोकन किया।
वैज्ञानिक पद्धति से अनुसंधान और समय-सीमा में कार्रवाई के निर्देश
पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) कोमल मीणा ने संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों को वैज्ञानिक पद्धति से अनुसंधान करने तथा निर्धारित समय-सीमा के भीतर अनुसंधान पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कार्यों में पारदर्शिता बनाए रखने तथा आमजन को त्वरित न्याय उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
उन्होंने सभी पदाधिकारियों एवं कर्मियों को सतर्कता, जनसेवा एवं कानून-व्यवस्था के उच्च मानकों का पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
रात्रि गश्ती और वाहन जांच को प्रभावी बनाने पर जोर
अपराध की रोकथाम एवं विधि-व्यवस्था के प्रभावी संधारण के लिए रात्रि गश्ती एवं वाहन जांच को और अधिक प्रभावशाली बनाने के संबंध में भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
पुलिस अधीक्षक ग्रामीण ने थाना स्तर पर अपराध नियंत्रण, लंबित मामलों के अनुसंधान तथा कानून-व्यवस्था से जुड़े कार्यों में सतर्कता एवं जवाबदेही के साथ कार्रवाई सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
