– एस०एन०चतुर्वेदी की रिपोर्ट
प्रधान सचिव पंकज कुमार ने नियुक्ति से संबंधित रिपोर्ट की समीक्षा कर रोस्टर क्लियरेंस, अधियाचना एवं विज्ञापन की स्थिति के आधार पर प्रक्रिया आगे बढ़ाने को कहा
पटना, 11 सितंबर 2026 : गृह विभाग में रिक्त पदों के विरुद्ध नियुक्ति की प्रक्रिया में तेजी लाने को लेकर प्रधान सचिव पंकज कुमार की अध्यक्षता में शुक्रवार को समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभाग के विभिन्न निदेशालयों से प्राप्त नियुक्ति संबंधी रिपोर्ट की समीक्षा की गई तथा रिक्त पदों के विरुद्ध नियुक्ति की प्रक्रिया में तेजी लाने का निर्णय लिया गया।
बैठक के दौरान गृह विभाग, पुलिस मुख्यालय तथा संबंधित निदेशालय के पदाधिकारियों को आवश्यक निर्देश देते हुए प्रधान सचिव पंकज कुमार ने कहा कि सभी निदेशालयों से प्राप्त रिपोर्ट को समेकित करते हुए एक समेकित रिपोर्ट तैयार की जाए। इसमें विभिन्न पदों की रिक्तियों तथा उनके विरुद्ध नियुक्ति की वर्तमान स्थिति का स्पष्ट रूप से उल्लेख किया जाए।
उन्होंने निर्देशित किया कि रोस्टर क्लियरेंस, अधियाचना एवं विज्ञापन की स्थिति के आधार पर विभिन्न पदों पर नियुक्ति की प्रक्रिया को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाया जाए, ताकि रिक्त पदों को भरने की कार्रवाई में अनावश्यक विलंब न हो।
प्रत्येक चरण की नियमित समीक्षा के निर्देश
प्रधान सचिव पंकज कुमार ने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि नियुक्ति प्रक्रिया के प्रत्येक चरण की नियमित समीक्षा करते हुए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि विभाग में रिक्त पदों को शीघ्रता से भरा जाना आवश्यक है और इसके लिए नियुक्ति प्रक्रिया के सभी चरणों में समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
बैठक में नियुक्ति से संबंधित विभिन्न स्तरों पर लंबित प्रक्रिया की स्थिति की समीक्षा की गई तथा संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई में तेजी लाने के निर्देश दिए गए।
अधिकारी रहे मौजूद
बैठक के दौरान गृह विभाग के विशेष सचिव अनिल कुमार चौधरी, आईजी (मुख्यालय) मनोज कुमार, निदेशक (अभियोजन) सुधांशु कुमार चौबे, अपर सचिव कुंदन कुमार, विशेष कार्य पदाधिकारी आदित्य कुमार झा सहित गृह विभाग तथा पुलिस मुख्यालय के अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
