– संतोष श्रीवास्तव की रिपोर्ट
वैशाली में मद्यनिषेध एवं राज्य स्वापक नियंत्रण ब्यूरो की संयुक्त कार्रवाई; दो गाड़ियों से मादक पदार्थ जब्त
वैशाली, 11 सितंबर 2026: नेपाल से पटना लाया जा रहा 72.240 किलोग्राम गांजा जैसा मादक पदार्थ बरामद किया गया है। यह कार्रवाई 11 सितंबर 2026 को मद्यनिषेध एवं राज्य स्वापक नियंत्रण ब्यूरो, बिहार के विशेष अभियान दल को प्राप्त गुप्त सूचना के आधार पर की गई।
मद्यनिषेध एवं राज्य स्वापक नियंत्रण ब्यूरो तथा भगवानपुर थाना, जिला वैशाली की संयुक्त टीम ने विशेष अभियान के दौरान दो गाड़ियों की जांच की। तलाशी के क्रम में दोनों वाहनों से कुल 72.240 किलोग्राम गांजा जैसा मादक पदार्थ बरामद एवं जब्त किया गया।
कार्रवाई के दौरान मौके से पांच अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया। बरामद मादक पदार्थ को जब्त करने के साथ ही दोनों वाहनों को भी कार्रवाई के दायरे में लिया गया है।
आगे की विधिसम्मत कार्रवाई जारी
मामले में गिरफ्तार अभियुक्तों से पूछताछ सहित अग्रतर विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है। जांच एजेंसियां बरामद मादक पदार्थ के स्रोत, इसकी तस्करी से जुड़े नेटवर्क तथा नेपाल से बिहार के रास्ते पटना तक इसके पहुंचने की परिस्थितियों की जांच कर रही हैं।
मद्यनिषेध एवं राज्य स्वापक नियंत्रण ब्यूरो की ओर से मादक पदार्थों के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है। विभाग ने इसे “नशामुक्त बिहार की ओर एक कदम” बताया है।
