– एस०एन०चतुर्वेदी की रिपोर्ट
13 सितंबर को 25,516 परीक्षार्थी होंगे शामिल; कदाचारमुक्त एवं शांतिपूर्ण परीक्षा के लिए प्रशासन ने किए पुख्ता इंतजाम, मुख्य द्वार परीक्षा शुरू होने से 30 मिनट पहले होगा बंद
पटना, 11 सितंबर 2026 : संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) द्वारा आयोजित सम्मिलित रक्षा सेवा परीक्षा-II, 2026 (CDS-II) तथा राष्ट्रीय रक्षा अकादमी एवं नौसेना अकादमी परीक्षा-II, 2026 (NDA & NA-II) का आयोजन 13 सितंबर 2026 को पटना जिले के 52 परीक्षा उपकेंद्रों पर किया जाएगा। दोनों परीक्षाओं में कुल 25,516 परीक्षार्थी शामिल होंगे। परीक्षा के स्वच्छ, पारदर्शी, कदाचारमुक्त एवं शांतिपूर्ण संचालन के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
स्थानीय श्रीकृष्ण मेमोरियल हॉल में शुक्रवार को परीक्षा से संबंधित प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों एवं केंद्राधीक्षकों की बैठक को संबोधित करते हुए प्रमंडलीय आयुक्त राजेश कुमार ने कहा कि संघ लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित यह अत्यंत महत्वपूर्ण एवं गरिमापूर्ण परीक्षा है। इसके सफल संचालन में किसी भी स्तर पर छोटी से छोटी चूक नहीं होनी चाहिए। सभी संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी पूर्ण सजगता, सावधानी एवं आपसी समन्वय के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन सुनिश्चित करें।
अभ्यर्थियों की होगी सघन फ्रिस्किंग
प्रमंडलीय आयुक्त राजेश कुमार ने निर्देश दिया कि परीक्षा केंद्रों पर परीक्षार्थियों की अनिवार्य एवं सघन फ्रिस्किंग की जाए। पुरुष परीक्षार्थियों की जांच पुरुष कर्मियों तथा महिला परीक्षार्थियों की जांच महिला कर्मियों द्वारा ही की जाए।
उन्होंने कहा कि UPSC के निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार प्रत्येक परीक्षार्थी का फेस ऑथेंटिकेशन समय पर एवं निर्धारित प्रक्रिया के अनुरूप सुनिश्चित किया जाए।
परीक्षा केंद्रों पर जैमर पूरी तरह सक्रिय रहें
प्रमंडलीय आयुक्त ने परीक्षा केंद्रों पर जैमर की व्यवस्था की समीक्षा करते हुए संबंधित तकनीकी पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी केंद्रों पर जैमर पूरी तरह सक्रिय एवं कार्यशील रहें। प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी परीक्षा केंद्रों पर जैमर की कार्यशीलता की जांच करेंगे तथा इसकी रिपोर्ट उपलब्ध कराएंगे।
उन्होंने लोकल इंस्पेक्टिंग ऑफिसर को निर्देश दिया कि 12 सितंबर को सभी परीक्षा केंद्रों का भ्रमण कर उपलब्ध व्यवस्थाओं का स्थल निरीक्षण करें। प्रत्येक केंद्र पर जनरेटर, पब्लिक एड्रेस सिस्टम, विद्युत आपूर्ति, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था सहित अन्य आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए।
किसी भी प्रकार की कमी पाए जाने पर उसे तत्काल दूर कराते हुए उसी दिन शाम तक आयुक्त कार्यालय को प्रतिवेदन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया।
मोबाइल, इलेक्ट्रॉनिक गैजेट एवं अनधिकृत सामग्री पर पूर्ण प्रतिबंध
परीक्षा केंद्र के अंदर परीक्षार्थियों को किसी भी प्रकार की अनधिकृत सामग्री ले जाने की अनुमति नहीं होगी। फ्रिस्किंग के दौरान यह सुनिश्चित किया जाएगा कि किसी परीक्षार्थी के पास मोबाइल फोन, कैमरा अथवा अन्य इलेक्ट्रॉनिक गैजेट न हो।
परीक्षा ड्यूटी में प्रतिनियुक्त वीक्षकों एवं अन्य कर्मियों के लिए भी परीक्षा केंद्र के अंदर मोबाइल फोन, कैमरा अथवा अन्य इलेक्ट्रॉनिक गैजेट ले जाना प्रतिबंधित रहेगा। परीक्षा केंद्र पर तैनात प्रत्येक व्यक्ति के पास वैध पहचान-पत्र होना अनिवार्य होगा।
निर्धारित समय से 30 मिनट पूर्व बंद होगा मुख्य द्वार
आयुक्त के सचिव विनय कुमार ठाकुर ने परीक्षा की समय-सारणी एवं प्रवेश व्यवस्था की जानकारी देते हुए बताया कि प्रत्येक पाली की परीक्षा प्रारंभ होने के निर्धारित समय से 30 मिनट पूर्व परीक्षा केंद्र का मुख्य द्वार बंद कर दिया जाएगा। परीक्षार्थियों को समय का विशेष ध्यान रखते हुए निर्धारित अवधि के भीतर परीक्षा केंद्र में प्रवेश करना होगा।
सीडीएस परीक्षा-II, 2026 की समय-सारणी :
- प्रथम पाली: प्रातः 9:00 बजे से 11:00 बजे तक
- द्वितीय पाली: दोपहर 12:30 बजे से 2:30 बजे तक
- तृतीय पाली: अपराह्न 4:00 बजे से 6:00 बजे तक
एनडीए एवं नेवल अकादमी परीक्षा-II, 2026 की समय-सारणी :
- प्रथम पाली: प्रातः 10:00 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक
- द्वितीय पाली: अपराह्न 2:00 बजे से 4:30 बजे तक
परीक्षार्थियों की सुविधा एवं यातायात व्यवस्था पर विशेष ध्यान
जिलाधिकारी कुन्दन कुमार ने कहा कि परीक्षा के स्वच्छ, पारदर्शी, कदाचारमुक्त एवं शांतिपूर्ण संचालन के लिए जिला प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।
उन्होंने प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि वे प्रातः 7:00 बजे तक अनिवार्य रूप से अपने-अपने परीक्षा केंद्रों पर पहुंच जाएं तथा पूरी सजगता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें।
जिलाधिकारी ने यातायात व्यवस्था से जुड़े पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि परीक्षा के दौरान शहर में सुगम एवं निर्बाध यातायात सुनिश्चित किया जाए, ताकि परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में किसी प्रकार की कठिनाई न हो।
नगर निगम को सभी परीक्षा केंद्रों के परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में विशेष साफ-सफाई एवं फॉगिंग कराने का भी निर्देश दिया गया।
फेस ऑथेंटिकेशन की निर्धारित प्रक्रिया का करें पूर्ण अनुपालन
इस अवसर पर UPSC के प्रतिनिधि प्रेक्षक पवन कुमार ने कहा कि प्रत्येक परीक्षार्थी का फेस ऑथेंटिकेशन अनिवार्य रूप से किया जाना है। यह सुनिश्चित करना आवश्यक है कि किसी भी अभ्यर्थी का फेस ऑथेंटिकेशन दो बार न हो।
उन्होंने फेस ऑथेंटिकेशन के दौरान UPSC द्वारा निर्धारित प्रक्रिया एवं प्रोटोकॉल का पूर्णतः अनुपालन सुनिश्चित करने पर बल दिया।
