– Santosh K Srivastav : Editor in Chief & Publisher
बोकारो में प्रमंडलीय आयुक्त ने राजस्व, डीएमएफटी और एसआईआर अभियान की समीक्षा की, अवैध खनन व राजस्व चोरी पर सख्ती के दिए निर्देश
बोकारो, 20 जुलाई। उत्तरी छोटानागपुर प्रमंडल, हजारीबाग के आयुक्त विजय कुमार गुप्ता ने सोमवार को समाहरणालय सभागार में जिले के वरीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर राजस्व संग्रह, जिला खनिज फाउंडेशन ट्रस्ट (डीएमएफटी) योजनाओं और विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 अभियान की प्रगति की समीक्षा की। बैठक में उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि सरकारी कार्यालयों में आम नागरिकों को अनावश्यक रूप से परेशान करने या सरकारी राजस्व को नुकसान पहुंचाने वाली किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक के दौरान आयुक्त ने अवैध खनन और राजस्व चोरी पर प्रभावी नियंत्रण के लिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने खनन विभाग को राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) के प्रावधानों का पालन सुनिश्चित करने तथा बालू उठाव की नियमित निगरानी करने का निर्देश दिया। सभी अंचल अधिकारियों को भी खनन गतिविधियों की लगातार समीक्षा करने को कहा गया।
परिवहन विभाग को निर्देश दिया गया कि एक महीने से अधिक समय से जिले में संचालित दूसरे राज्यों के वाहनों की पहचान कर उनका स्थानीय पंजीकरण सुनिश्चित कराया जाए, ताकि राजस्व संग्रह में वृद्धि हो सके। वहीं, जिला अवर निबंधक को गैर-मजरुआ भूमि की अवैध रजिस्ट्री रोकने के लिए विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया गया।
लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन पर जोर
आयुक्त ने अंचल अधिकारियों को दाखिल-खारिज एवं परिशोधन पोर्टल पर लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि आम लोगों के आवेदनों को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए और समयबद्ध तरीके से उनका निपटारा सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने सूचना का अधिकार (आरटीआई) अधिनियम के तहत प्राप्त आवेदनों का निर्धारित समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण उत्तर देने पर भी जोर दिया। साथ ही अधिकारियों को मुख्यालय में नियमित उपस्थिति दर्ज कराने, बायोमेट्रिक उपस्थिति सुनिश्चित करने तथा आम नागरिकों के फोन कॉल का समय पर उत्तर देने के निर्देश दिए।
डीएमएफटी की 31 योजनाओं पर कार्य जारी
बैठक में उप विकास आयुक्त शताब्दी मजूमदार ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए डीएमएफटी के तहत जिले में 31 नई विकास योजनाएं स्वीकृत हुई हैं। इनमें से आठ योजनाएं पूर्ण हो चुकी हैं, जबकि 19 योजनाओं पर कार्य प्रगति पर है।
एसआईआर-2026 अभियान की प्रगति की सराहना
आगामी चुनावों को लेकर चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 अभियान की समीक्षा करते हुए आयुक्त ने बोकारो जिले की प्रगति की सराहना की। उन्होंने बताया कि जिले में अब तक 91.59 प्रतिशत गणना प्रपत्रों का वितरण तथा 65.37 प्रतिशत प्रपत्रों का डिजिटलीकरण पूरा किया जा चुका है। अभियान की निर्धारित समय-सीमा को देखते हुए अधिकारियों को शेष कार्य शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में जिला वन पदाधिकारी नीतीश कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी (चास) प्रांजल ढांडा, अपर समाहर्ता सुनील चंद्र, प्रशिक्षु आईएएस अरविंद राधाकृष्णन सहित विभिन्न विभागों के वरीय अधिकारी उपस्थित थे।

