अरविंद शर्मा को दी गई भावभीनी श्रद्धांजलि

Live ख़बर

Santosh K Srivastav : Editor in Chief & Publisher

बोकारो प्रेस क्लब की शोकसभा में पत्रकारों, प्रशासनिक अधिकारियों एवं बीएसएल प्रबंधन ने किया नमन

बोकारो, 22 जुलाई। बोकारो प्रेस क्लब की ओर से बोकारो परिसदन (सर्किट हाउस) में प्रेस ट्रस्ट ऑफ इंडिया (पीटीआई) के जिला संवाददाता अरविंद शर्मा के असामयिक निधन पर श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। कार्यक्रम में पत्रकारों, जिला प्रशासन के अधिकारियों, बोकारो इस्पात संयंत्र (बीएसएल) के अधिकारियों तथा शहर के गणमान्य नागरिकों ने दिवंगत पत्रकार को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके योगदान को याद किया।

श्रद्धांजलि सभा में वक्ताओं ने अरविंद शर्मा के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उनका निधन बोकारो की पत्रकारिता जगत के लिए अपूरणीय क्षति है। उपस्थित लोगों ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धासुमन अर्पित किए तथा दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति और शोकाकुल परिवार को संबल प्रदान करने की प्रार्थना की।

जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रवि कुमार ने कहा कि अरविंद शर्मा का सादगीपूर्ण जीवन, कार्य के प्रति समर्पण और निष्पक्ष पत्रकारिता हर पत्रकार के लिए प्रेरणास्रोत रहेगा। वहीं, बोकारो इस्पात संयंत्र के संचार प्रमुख मणिकांत धान ने उन्हें ईमानदार, निष्पक्ष और कर्तव्यनिष्ठ पत्रकार बताते हुए कहा कि उनकी पेशेवर प्रतिबद्धता और मृदुभाषी स्वभाव सदैव स्मरणीय रहेगा।

बीएसएल जनसंपर्क विभाग के वरीय प्रबंधक अभिनव शंकर एवं रवि कुमार सिन्हा ने भी अपने संबोधन में दिवंगत पत्रकार के साथ बिताए क्षणों को याद करते हुए इसे व्यक्तिगत क्षति बताया। वक्ताओं ने कहा कि अरविंद शर्मा ने अपने लंबे पत्रकारिता जीवन में निष्पक्षता, विश्वसनीयता और जनसरोकारों को हमेशा प्राथमिकता दी।

शोकसभा में उपस्थित पत्रकारों ने उनकी खोजी पत्रकारिता, जुझारू कार्यशैली और मिलनसार व्यक्तित्व को याद किया। बोकारो प्रेस क्लब के शशांक शेखर, विजय कुमार झा, जय सिन्हा, अक्षय कुमार, आशीष सिन्हा, रजत नाथ, शशिकांत शर्मा, अखिलेश कुमार सिंह, विनय कुमार तिवारी और पंकज सिंह सहित अनेक पत्रकारों ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।

कार्यक्रम में त्रिलोकी सिंह, मनीष सिंह, हेमंत कुमार, पीयूष राय, इश्तियाक अहमद, विजय पांडेय, धर्मेंद्र पांडेय, सुजीत कुमार, सुदीप सिन्हा, मंगलाकांत तथा सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के आशुतोष, मोहम्मद सलाम और दीपक सहित बड़ी संख्या में पत्रकार, प्रशासनिक अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

उल्लेखनीय है कि बोकारो प्रेस क्लब के संस्थापक सदस्यों में शामिल अरविंद शर्मा का हाल ही में उपचार के दौरान चंद्रपुरा स्थित एक अस्पताल में निधन हो गया था। वे हृदय संबंधी बीमारी से पीड़ित थे। शोकसभा में उपस्थित सभी लोगों ने उनके योगदान को याद करते हुए कहा कि उनकी कमी पत्रकारिता जगत को लंबे समय तक महसूस होती रहेगी।

Verified by MonsterInsights