यूरिया की कालाबाजारी पर प्रशासन सख्त

Live ख़बर

Santosh K Srivastav : Editor in Chief & Publisher

अधिक कीमत वसूलने और जमाखोरी करने वालों पर होगी FIR उपायुक्त ने सभी प्रखंडों में जांच के दिए निर्देश

बोकारो, 29 जुलाई। जिले में किसानों को निर्धारित मूल्य से अधिक दर पर यूरिया उर्वरक बेचने तथा कालाबाजारी की मिल रही शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त अजय नाथ झा ने प्रशासनिक अधिकारियों को सख्त कार्रवाई का निर्देश दिया है। उपायुक्त ने स्पष्ट किया है कि यूरिया की जमाखोरी, कृत्रिम किल्लत पैदा करने या अधिक कीमत पर बिक्री करने वाले उर्वरक विक्रेताओं के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई करते हुए प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।

उपायुक्त को विभिन्न स्रोतों से मिली शिकायतों के अनुसार कुछ उर्वरक विक्रेता कृत्रिम अभाव उत्पन्न कर यूरिया का भंडारण कर रहे हैं और किसानों से निर्धारित दर से अधिक कीमत वसूल रहे हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए अनुमंडल पदाधिकारी चास एवं तेनुघाट के साथ-साथ जिले के सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों (बीडीओ) को अपने-अपने क्षेत्रों में उर्वरक दुकानों और गोदामों की सघन जांच करने का निर्देश दिया गया है।

निर्देश में कहा गया है कि जांच के दौरान यदि कोई विक्रेता निर्धारित मूल्य से अधिक दर पर यूरिया बेचते, जमाखोरी करते या किसी भी प्रकार की कालाबाजारी में संलिप्त पाया जाता है तो उसके विरुद्ध उर्वरक नियंत्रण आदेश तथा अन्य संबंधित कानूनी प्रावधानों के तहत तत्काल प्राथमिकी दर्ज कर कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

Follow this link to JOIN our WhatsApp Community

जिला कृषि अधिकारी करेंगे निगरानी

उपायुक्त ने सभी जांच अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई की विस्तृत रिपोर्ट उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है। साथ ही जिला कृषि अधिकारी को पूरे जिले में जांच, निरीक्षण और प्रशासनिक कार्रवाई की नियमित मॉनिटरिंग कर समेकित प्रतिवेदन प्रस्तुत करने को कहा गया है, ताकि कालाबाजारी के पूरे नेटवर्क पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सके।

किसानों के हित सर्वोच्च प्राथमिकता

उपायुक्त अजय नाथ झा ने कहा कि किसानों को सरकार द्वारा निर्धारित उचित मूल्य पर पर्याप्त मात्रा में उर्वरक उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसानों के हितों के साथ किसी भी प्रकार की अनियमितता, जमाखोरी, धोखाधड़ी या कालाबाजारी किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा दोषियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।