झारखंड के हक-अधिकार से कोई समझौता बर्दाश्त नहीं : मंटू यादव

Live ख़बर

संतोष श्रीवास्तव की रिपोर्ट

19 सितंबर को सभी प्रखंड मुख्यालयों पर होगा धरना-प्रदर्शन, झामुमो ने कार्यकर्ताओं और आम जनता से की बड़ी संख्या में शामिल होने की अपील

बोकारो, 13 सितंबर 2026। झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) बोकारो की ओर से रविवार को बोकारो परिसदन में बैठक आयोजित की गई। बैठक में खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) संशोधन विधेयक, 2026 के विरोध में आगामी 19 सितंबर को सभी प्रखंड मुख्यालयों पर आयोजित होने वाले धरना-प्रदर्शन की तैयारियों को लेकर चर्चा की गई।

बैठक को संबोधित करते हुए झामुमो बोकारो महानगर अध्यक्ष मंटू यादव ने कहा कि झारखंड दिशोम गुरु शिबू सोरेन के दशकों के संघर्ष, त्याग और बलिदान से निर्मित राज्य है। उन्होंने कहा कि गुरुजी ने जल, जंगल, जमीन और खनिज पर झारखंडियों के अधिकार के लिए अपना पूरा जीवन संघर्ष किया।

मंटू यादव ने कहा कि केंद्रीय अध्यक्ष सह मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में झारखंड के अधिकारों और जनता के हितों की लड़ाई लगातार मजबूती से जारी है। झारखंड की खनिज संपदा और प्राकृतिक संसाधनों पर राज्य के हितों की रक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।

MMDR संशोधन विधेयक को लेकर झामुमो गंभीर

उन्होंने कहा कि खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) संशोधन विधेयक, 2026 को लेकर झामुमो राज्य के हितों पर पड़ने वाले संभावित प्रभाव को लेकर गंभीर है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह लड़ाई किसी एक व्यक्ति या संगठन की नहीं, बल्कि जल, जंगल, जमीन, खनिज और आने वाली पीढ़ियों के अधिकारों की लड़ाई है।

मंटू यादव ने पार्टी कार्यकर्ताओं एवं आम जनता से अपील की कि वे 19 सितंबर को सभी प्रखंड मुख्यालयों पर आयोजित होने वाले धरना-प्रदर्शन में बड़ी संख्या में शामिल हों और लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज बुलंद करें।

उन्होंने कहा, “झारखंड की जनता अपनी चट्टानी एकता और लोकतांत्रिक संघर्ष के माध्यम से अपने हक-अधिकार की रक्षा करेगी।”

Verified by MonsterInsights