SIR-2026 में बोकारो ने रचा नया कीर्तिमान

Live ख़बर

Santosh K Srivastav : Editor in Chief & Publisher

15.35 लाख से अधिक मतदाताओं का शत-प्रतिशत सत्यापन पूरा, नवाचार और तकनीक से लोकतांत्रिक अभियान बना मिसाल

बोकारो, 29 जुलाई। विशेष सघन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 अभियान के तहत बोकारो जिले ने लोकतांत्रिक प्रक्रिया में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल करते हुए 15,35,267 मतदाताओं के शत-प्रतिशत भौतिक सत्यापन का लक्ष्य पूरा कर लिया है। जिले के नौ प्रखंडों, 251 पंचायतों और 1,581 मतदान केंद्रों पर तैनात बूथ स्तरीय अधिकारियों (बीएलओ) ने घर-घर जाकर मतदाता सत्यापन का कार्य पूरा किया। प्रत्येक बीएलओ के जिम्मे औसतन 971 मतदाताओं का सत्यापन था।

हाई-टेक वॉर रूम और मैदानी रणनीति से मिली सफलता

30 जून से शुरू हुए अभियान के शुरुआती दिनों में बीएलओ ऐप के संचालन और मुहर्रम के दौरान प्रशासनिक व्यस्तताओं जैसी चुनौतियां सामने आईं। इसके बाद जिला प्रशासन ने कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) और मशीन लर्निंग आधारित हाई-टेक ‘वॉर रूम’ स्थापित कर अभियान की निगरानी तेज कर दी। जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त अजय नाथ झा प्रतिदिन समीक्षा बैठक कर अभियान की प्रगति पर नजर रखते रहे। मतदाताओं को जागरूक करने के लिए प्रचार-प्रसार रथ चलाए गए, जबकि बीडीओ और अंचलाधिकारी स्वयं मैदानी स्तर पर बीएलओ के साथ अभियान में जुटे।

Follow this link to JOIN our WhatsApp Community

हर विधानसभा क्षेत्र में अलग रणनीति

शहरी क्षेत्र बोकारो में बहुमंजिला आवासों और सुरक्षा संबंधी चुनौतियों के बीच बीएलओ ने सुबह-शाम घर-घर संपर्क कर वार्ड पार्षदों के सहयोग से लक्ष्य पूरा किया। गोमिया के दुर्गम जंगलों और झुमरा पहाड़ की पीवीटीजी बस्तियों तक पहुंचने के लिए टीमों ने सुदूर क्षेत्रों में कैंप किया। नेटवर्क समस्या वाले इलाकों में प्रशासन ने अस्थायी मोबाइल टावर लगाकर डेटा अपलोड सुनिश्चित कराया।

बेरमो क्षेत्र में श्रमिक कॉलोनियों और रात्रि पाली में कार्यरत मजदूरों तक पहुंचने के लिए स्थानीय सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म और खोरठा-हिंदी में तैयार जागरूकता वीडियो का सहारा लिया गया, जिससे मतदाताओं की सहभागिता बढ़ी। वहीं, पश्चिम बंगाल सीमा से सटे चंदनकियारी क्षेत्र में मौसमी पलायन और दोहरे पंजीकरण जैसी चुनौतियों के बावजूद बीएलओ ने दूरस्थ गांवों तक पहुंचकर सत्यापन कार्य पूरा किया।

टीमवर्क और नवाचार से मिली ऐतिहासिक सफलता

जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त अजय नाथ झा ने कहा कि एसआईआर-2026 जिले में एक समावेशी और सफल लोकतांत्रिक अभियान साबित हुआ है। उन्होंने बताया कि चारों विधानसभा क्षेत्रों में 100 प्रतिशत प्रपत्र वितरण और शत-प्रतिशत डिजिटलीकरण का लक्ष्य हासिल कर लिया गया है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि यदि कोई पात्र नागरिक किसी कारणवश मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित रह गया है तो वह निर्धारित प्रक्रिया के तहत फॉर्म-6 भरकर अपना नाम जुड़वा सकता है।

उन्होंने कहा कि गोमिया के जंगलों से लेकर बेरमो की खदानों और बोकारो के शहरी क्षेत्रों तक टीमवर्क, तकनीक और जनसहभागिता के बेहतर समन्वय ने यह सिद्ध किया है कि प्रभावी प्रशासनिक प्रयासों से लोकतंत्र की पहुंच हर नागरिक के द्वार तक सुनिश्चित की जा सकती है।