विशेष गहन पुनरीक्षण में बोकारो बना राज्य का मॉडल

Live ख़बर

– Santosh K Srivastav : Editor in Chief & Publisher

समय सीमा से पहले लक्ष्य हासिल करने की दिशा में बोकारो प्रशासन की बड़ी उपलब्धि, मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने के अभियान ने पकड़ी रफ्तार

बोकारो, 26 जुलाई। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR-2026) अभियान में बोकारो जिला पूरे झारखंड के लिए प्रभावी क्रियान्वयन का मॉडल बनकर उभरा है। जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त अजय नाथ झा के नेतृत्व में जिला प्रशासन ने समयबद्ध, तकनीक आधारित और जनसहभागिता पर केंद्रित रणनीति अपनाते हुए मतदाता सूची को शत-प्रतिशत अद्यतन एवं त्रुटिरहित बनाने की दिशा में उल्लेखनीय प्रगति दर्ज की है।

प्रशासन ने अभियान को केवल कार्यालयों तक सीमित न रखकर घर-घर पहुंचाया। जिले के सभी बूथों पर तैनात बीएलओ एवं बीएलओ सुपरवाइजरों ने प्रत्येक पात्र मतदाता तक पहुंचकर इन्यूमरेशन फॉर्म उपलब्ध कराए। विशेष रूप से दिव्यांगजनों, वरिष्ठ नागरिकों, असहाय व्यक्तियों तथा ट्रांसजेंडर मतदाताओं को अभियान से जोड़ने के लिए विशेष प्रयास किए गए।

अभियान की सतत निगरानी के लिए उपायुक्त अजय नाथ झा प्रतिदिन वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से निर्वाचन अधिकारियों एवं मैदानी कर्मियों के साथ समीक्षा बैठक कर रहे हैं। मोबाइल ऐप आधारित मॉनिटरिंग और डिजिटाइजेशन की नियमित समीक्षा के कारण कार्य में तेजी और पारदर्शिता दोनों सुनिश्चित हुई हैं।

जन-जागरूकता बढ़ाने के लिए सोशल मीडिया, माइकिंग, पोस्टर, विशेष शिविर, स्थानीय जनप्रतिनिधियों, स्वयंसेवी संस्थाओं, शिक्षकों और मीडिया का व्यापक सहयोग लिया गया। इसके साथ ही हेल्पलाइन और सहायता केंद्रों के माध्यम से नागरिकों को फॉर्म भरने एवं आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराने में सहायता प्रदान की जा रही है।

जिला प्रशासन के ताजा आंकड़ों के अनुसार, जिले में 98.33 प्रतिशत इन्यूमरेशन फॉर्म का वितरण पूरा हो चुका है। विधानसभावार आंकड़ों में गोमिया और चंदनकियारी में 99.99 प्रतिशत, बेरमो में 99.97 प्रतिशत तथा बोकारो विधानसभा क्षेत्र में 95.74 प्रतिशत फॉर्म वितरित किए जा चुके हैं।

डिजिटाइजेशन के क्षेत्र में भी बोकारो ने उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। जिले में अब तक 92.62 प्रतिशत डिजिटाइजेशन कार्य पूरा हो चुका है। गोमिया 98.49 प्रतिशत के साथ सबसे आगे है, जबकि चंदनकियारी में 95.98 प्रतिशत, बेरमो में 95.57 प्रतिशत तथा बोकारो विधानसभा क्षेत्र में 86.23 प्रतिशत कार्य पूर्ण किया जा चुका है।

उपायुक्त अजय नाथ झा ने जिले के नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण केवल प्रशासनिक प्रक्रिया नहीं, बल्कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने का महत्वपूर्ण अभियान है। उन्होंने कहा कि अभियान पूरा होने में अब केवल तीन दिन शेष हैं। जिन पात्र मतदाताओं ने अभी तक अपना इन्यूमरेशन फॉर्म जमा नहीं किया है, वे बिना विलंब अपने संबंधित बीएलओ के पास फॉर्म जमा कर लोकतांत्रिक प्रक्रिया में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।