SMS-2 और CCS में समस्याओं का अंबार

Live ख़बर

Santosh Kr. Srivastav : Editor in Chief & Publisher

बीएसएल अनाधिशासी कर्मचारी संघ की बैठक में कर्मचारियों ने उठाए 15 स्थानीय मुद्दे, प्रबंधन से शीघ्र समाधान की मांग

बोकारो, 10 जुलाई। बीएसएल अनाधिशासी कर्मचारी संघ की ओर से एसएमएस-2 और सीसीएस विभाग में विभागीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में सेल एवं बोकारो स्तर के मुद्दों के साथ विभाग की स्थानीय समस्याओं पर विस्तार से चर्चा हुई। कर्मचारियों ने यूनियन की कार्यप्रणाली को और मजबूत करने के लिए विभिन्न सुझाव भी दिए, जिन्हें यूनियन पदाधिकारियों ने दर्ज किया।

बैठक का संचालन विभागीय प्रतिनिधि अनिरुद्ध शर्मा ने किया। इस दौरान यूनियन पदाधिकारियों ने अब तक किए गए प्रयासों और उठाए गए मुद्दों की जानकारी सदस्यों को दी। कर्मचारियों ने विभाग में व्याप्त समस्याओं से भी यूनियन प्रतिनिधियों को अवगत कराया।

कर्मचारियों ने उठाए ये मुद्दे

बैठक में कर्मचारियों ने इनसेंटिव फॉर्मूला और एक्टिंग अलाउंस में संशोधन की मांग की। साथ ही नॉन-फाइनेंशियल मोटिवेशनल स्कीम को अधिक आकर्षक बनाने, उच्च पेंशन के लिए भरे गए कर्मियों के सेकंड डिमांड अप्रूवल में हो रही देरी दूर करने और सेल कॉरपोरेट कैंटीन की तर्ज पर उचित गुणवत्ता, मेन्यू और दर के साथ विभाग में कैंटीन सुविधा उपलब्ध कराने की मांग रखी गई।

कर्मचारियों ने अटेंडेंस करेक्शन में कथित भेदभाव समाप्त करने, रेस्ट रूम में सुधार, ड्रेनेज सिस्टम की जाम समस्या, पुराने हैंगिंग जीसी सीटों के उड़कर गिरने से दुर्घटना की आशंका और जाम टॉयलेट की समस्या भी उठाई।

इसके अलावा वाटर प्यूरीफायर के काम नहीं करने, टूटी सड़कों के कारण जलजमाव, शेड से बरसात का पानी गिरने, 36 मीटर क्षेत्र में पेयजल की सुविधा नहीं होने तथा मिक्सर जाने वाली सड़क के क्षतिग्रस्त होने जैसे मुद्दे भी बैठक में सामने आए।

सीजीएम से वार्ता कर समाधान का आश्वासन

यूनियन प्रतिनिधियों ने कर्मचारियों द्वारा उठाई गई सभी समस्याओं को दर्ज किया। प्रतिनिधियों ने आश्वस्त किया कि जल्द ही सीजीएम, एसएमएस-2 एवं सीसीएस से वार्ता कर समस्याओं के समाधान के लिए पहल की जाएगी।

बैठक में यूनियन के महासचिव हरिओम, अध्यक्ष दिलीप कुमार, कोषाध्यक्ष राहुल, विभागीय प्रतिनिधि अनिरुद्ध शर्मा, त्रिवेणी सिंह सहित विभाग के सदस्य उपस्थित रहे।

समस्याओं के बावजूद उत्पादन बढ़ाने में जुटे कर्मचारी

विभागीय प्रतिनिधि त्रिवेणी सिंह ने कहा कि एसएमएस-2 और सीसीएस विभाग बीएसएल का दिल है, जिसकी कार्यप्रणाली से तप्त धातु क्रूड स्टील में परिवर्तित होता है। उन्होंने कहा कि अनेक समस्याओं के बीच भी विभाग के कर्मचारी दिन-रात मेहनत कर बीएसएल के उत्पादन को बढ़ाने में जुटे हैं।

उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो सभी को कड़े कदम उठाने के लिए विवश होना पड़ सकता है। यूनियन ने प्रबंधन से कर्मचारियों की समस्याओं पर गंभीरता से विचार कर शीघ्र समाधान की मांग की है।