सारण जिला अस्पताल में पहली बार हुई पेनलेस नॉर्मल डिलीवरी

Live ख़बर

– Santosh K Srivastav : Editor in Chief & Publisher

एपिड्यूरल एनाल्जीसिया तकनीक से सामान्य प्रसव कराने में डॉक्टरों को मिली सफलता, सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं में जुड़ी नई उपलब्धि

पटना, 02 अगस्त। बिहार की सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि जुड़ गई है। सारण जिला अस्पताल में पहली बार एपिड्यूरल एनाल्जीसिया (Epidural Analgesia) तकनीक की सहायता से सफलतापूर्वक पेनलेस नॉर्मल डिलीवरी (Painless Vaginal Delivery) कराई गई। यह उपलब्धि प्रसूति एवं स्त्री रोग विभाग तथा एनेस्थीसिया विभाग के संयुक्त प्रयासों से संभव हुई है।

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, राज्य के सरकारी अस्पतालों में आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार के कारण रेफरल मामलों में कमी आई है और मरीजों का भरोसा भी बढ़ा है। स्वास्थ्य मंत्री निशांत ने कहा कि सरकारी अस्पतालों में बेहतर उपचार उपलब्ध कराने और नई चिकित्सा तकनीकों को लागू करने की दिशा में लगातार कार्य किया जा रहा है।

सारण जिला अस्पताल में पहली बार अपनाई गई एपिड्यूरल एनाल्जीसिया तकनीक के माध्यम से प्रसव पीड़ा को काफी हद तक कम किया गया, जिससे प्रसूता को कम दर्द के साथ सामान्य प्रसव संभव हो सका। यह तकनीक सामान्य प्रसव के दौरान दर्द कम करने की एक आधुनिक और प्रभावी विधि मानी जाती है।

Follow this link to JOIN our WhatsApp Community

चिकित्सकों के अनुसार, इस प्रक्रिया में रीढ़ के निचले हिस्से के एपिड्यूरल स्पेस में एक पतली कैथेटर के माध्यम से दर्द निवारक दवा दी जाती है। इससे प्रसव के दौरान दर्द में उल्लेखनीय कमी आती है, जबकि प्रसूता पूरी तरह होश में रहती है और चिकित्सकों के निर्देशानुसार सामान्य प्रसव की प्रक्रिया में सक्रिय रूप से सहयोग कर सकती है।

विशेषज्ञों ने बताया कि आवश्यकता पड़ने पर इसी एपिड्यूरल कैथेटर के माध्यम से सिजेरियन ऑपरेशन के लिए भी एनेस्थीसिया दिया जा सकता है। इससे मरीज की सुरक्षा और उपचार की गुणवत्ता दोनों में सुधार होता है।

स्वास्थ्य विभाग ने इस उपलब्धि को सारण जिले के साथ-साथ पूरे बिहार के लिए महत्वपूर्ण कदम बताया है। विभाग का मानना है कि सरकारी अस्पतालों में आधुनिक चिकित्सा तकनीकों के विस्तार से मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाएं और अधिक सुदृढ़ होंगी तथा महिलाओं को सुरक्षित और बेहतर प्रसव सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।