– Santosh K Srivastav : Editor in Chief & Publisher
बोकारो, 4 अगस्त। रक्षाबंधन पर्व के उत्साह को रचनात्मकता से जोड़ते हुए चिन्मय विद्यालय, बोकारो में भारतीय डाक विभाग के सहयोग से राखी मेकिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने आकर्षक एवं कलात्मक राखियां बनाकर अपनी सृजनात्मक प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के प्राचार्य सूरज शर्मा, वरीय उप-प्राचार्य नरेंद्र कुमार तथा उप-प्राचार्य डॉ. रोशन शर्मा उपस्थित रहे। विद्यार्थियों द्वारा तैयार की गई राखियों को उनके प्रियजनों तक पहुंचाने के लिए भारतीय डाक विभाग के पांच प्रतिनिधि भी विद्यालय पहुंचे और विशेष डाक सुविधा उपलब्ध कराई।
प्रतियोगिता में 50 से अधिक विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए विभिन्न रंगों, डिजाइनों और कलात्मक शैली में सुंदर राखियां तैयार कीं। इसके बाद विद्यार्थियों ने अपनी बनाई हुई राखियों को डाक के माध्यम से अपने भाई-बहनों को भेजा।
Follow this link to JOIN our WhatsApp Community
विद्यालय प्रबंधन के अनुसार इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों में रचनात्मकता को प्रोत्साहित करना, पारिवारिक एवं भावनात्मक संबंधों को मजबूत बनाना तथा भाई-बहन के पवित्र रिश्ते के प्रति प्रेम और स्नेह की भावना को अभिव्यक्त करने का अवसर प्रदान करना था।
प्रतियोगिता का संचालन विद्यालय की कला शिक्षिका सोमा रॉय के मार्गदर्शन में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। उन्होंने विद्यार्थियों को नवीन और पर्यावरण-अनुकूल सामग्री के उपयोग के लिए भी प्रेरित किया।
इस अवसर पर प्राचार्य सूरज शर्मा ने कहा कि भाई-बहन का रिश्ता दुनिया के सबसे पवित्र और स्नेहपूर्ण रिश्तों में से एक है। उन्होंने कहा कि कला और रचनात्मकता केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि भावनाओं को अभिव्यक्त करने का प्रभावी साधन भी हैं। उन्होंने इस अभिनव पहल के लिए भारतीय डाक विभाग का आभार व्यक्त करते हुए विद्यार्थियों से भविष्य में भी इस प्रकार की रचनात्मक प्रतियोगिताओं में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया।

