– Santosh K Srivastav : Editor in Chief & Publisher
बोकारो, 4 अगस्त : विश्व स्तनपान सप्ताह के अवसर पर मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जिला समाज कल्याण विभाग, बोकारो द्वारा मंगलवार को दो विशेष जागरूकता रथों को रवाना किया गया। शिबू सोरेन स्मृति भवन (टाउन हॉल) परिसर से इन रथों को उपायुक्त अजय नाथ झा, पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीणा तथा उप विकास आयुक्त शताब्दी मजूमदार ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर अभियान का शुभारंभ किया।
इस अवसर पर उपायुक्त अजय नाथ झा ने कहा कि नवजात शिशु के लिए जन्म के तुरंत बाद से छह माह तक केवल मां का दूध ही सर्वोत्तम और संपूर्ण आहार है। इससे शिशु की रोग प्रतिरोधक क्षमता मजबूत होती है और उसके शारीरिक एवं मानसिक विकास को बेहतर आधार मिलता है। उन्होंने कहा कि इस सप्ताहव्यापी अभियान का उद्देश्य माताओं एवं परिवारों को स्तनपान के वैज्ञानिक महत्व और संतुलित पोषण के प्रति जागरूक करना है।
Follow this link to JOIN our WhatsApp Community
जागरूकता रथ जिले के विभिन्न प्रखंडों, पंचायतों तथा सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों का भ्रमण कर स्तनपान के लाभ, कुपोषण से बचाव, मातृ-शिशु स्वास्थ्य और पोषण संबंधी संदेश आमजन तक पहुंचाएंगे। अभियान के माध्यम से लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और शिशु देखभाल के सही तरीकों के बारे में भी जानकारी दी जाएगी।
इसके साथ ही जागरूकता वाहनों के माध्यम से ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ अभियान का भी व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा। बालिका शिक्षा, सुरक्षा, लैंगिक समानता और महिला सशक्तिकरण से जुड़े संदेशों के जरिए समाज में सकारात्मक सोच विकसित करने का प्रयास किया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान आम नागरिकों को स्वास्थ्य एवं पोषण से संबंधित उपयोगी जानकारी भी उपलब्ध कराई गई। इस अवसर पर अपर समाहर्ता सुनील चंद्र, अनुमंडल पदाधिकारी प्रांजल ढांडा, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी डॉ. सुमन गुप्ता, एडीडीएस शुचिता किरण सहित जिला प्रशासन के कई अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

