– Santosh Kr. Srivastav : Editor in Chief & Publisher
तिहरे हत्याकांड के बाद मातम में डूबा गांव, एक ही परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़; परिजनों ने आरोपी को कड़ी सजा देने की मांग की
बोकारो, 06 अगस्त। नावाडीह गांव में तीन लोगों की निर्मम हत्या के एक दिन बाद गुरुवार को पूरा गांव गहरे शोक में डूब गया। पोस्टमार्टम के बाद जब पुलिस तीनों शवों को लेकर गांव पहुंची, तो सायरन की आवाज सुनते ही ग्रामीण अपने-अपने घरों से बाहर निकल आए। अंतिम दर्शन के लिए बड़ी संख्या में लोग जुट गए। एक ही घर से एक साथ तीन अर्थियां उठने का मार्मिक दृश्य देख हर किसी की आंखें नम हो गईं।
मृतकों के परिजनों ने भारी मन से अंतिम संस्कार की पारंपरिक रस्में पूरी कीं। शोकाकुल माहौल के बीच हल्दी-तेल की रस्म निभाई गई और इसके बाद तीनों शवों की अंतिम यात्रा निकाली गई। पूरे गांव में गम और सन्नाटा पसरा रहा।
जिस रास्ते पर मची थी दहशत, वहीं निकली अंतिम यात्रा
ग्रामीणों के अनुसार, बुधवार को जिस सड़क पर आरोपी टांगी लेकर लोगों के बीच दहशत फैलाता हुआ दौड़ रहा था, उसी मार्ग से गुरुवार को जानकी महतो, सुगिया देवी और गौरी देवी की अंतिम यात्रा निकली। एक दिन पहले जहां चीख-पुकार और अफरा-तफरी का माहौल था, वहीं अगले दिन पूरे गांव में गहरा सन्नाटा छाया रहा। परिजनों के विलाप और मृतकों की बेटियों के रोने की आवाजों ने माहौल को और अधिक गमगीन बना दिया।
एक महीने में चार मौतों से परिवार पर टूटा संकट
ग्रामीणों ने बताया कि यह परिवार पहले से ही लगातार दुखद घटनाओं का सामना कर रहा था। लगभग एक माह पूर्व जानकी महतो के भतीजे बंधन महतो की बीमारी से मृत्यु हो गई थी। इसके कुछ दिनों बाद रिश्ते में नाती लगने वाले 21 वर्षीय सुनील महतो की सड़क दुर्घटना में जान चली गई। परिवार इन घटनाओं के सदमे से उबर भी नहीं पाया था कि तिहरे हत्याकांड ने पूरे परिवार को गहरे शोक में डाल दिया।
आरोपी के परिजनों ने भी जताई नाराजगी
घटना के बाद आरोपी के परिजनों ने भी उसके कृत्य की कड़ी निंदा की। आरोपी की पत्नी सावित्री देवी ने कहा कि इस घटना के बाद उनका उससे कोई संबंध नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि लंबे समय से शराब की लत के कारण उसका व्यवहार हिंसक हो गया था और परिवार ने उसे सुधारने का प्रयास भी किया, लेकिन कोई बदलाव नहीं आया।
आरोपी की बड़ी बहन ऐतवरिया देवी और उनके पति रती सिंह ने भी बताया कि उसके हिंसक व्यवहार के कारण उन्होंने वर्षों पहले ही उससे संबंध समाप्त कर लिए थे। परिजनों ने प्रशासन से मामले में सख्त कानूनी कार्रवाई कर आरोपी को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने की मांग की है।
पुलिस मामले की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है तथा विधिसम्मत कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

