– Santosh Kr. Srivastav : Editor in Chief & Publisher
ताला तोड़कर सोने-चांदी के जेवरात, नकदी और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ले गए चोर, मामले की जांच के लिए एसआईटी गठित
बोकारो, 06 अगस्त। बोकारो जिले के कसमार थाना क्षेत्र अंतर्गत दांतू बाजार टांड़ में सीसीएल के सेवानिवृत्त कर्मी कैलाश कुमार नायक के घर में भीषण चोरी की घटना सामने आई है। अज्ञात चोरों ने सूने मकान का ताला तोड़कर बड़ी मात्रा में जेवरात, नकदी और अन्य कीमती सामान चोरी कर लिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर विशेष जांच टीम (एसआईटी) का गठन किया है।
पीड़ित कैलाश कुमार नायक के अनुसार, बुधवार की रात वे अपनी पत्नी के साथ एक रिश्तेदार के घर गए हुए थे। लगातार बारिश के कारण वे रात में घर नहीं लौट सके। गुरुवार सुबह जब उन्होंने मोबाइल से घर में लगे सीसीटीवी कैमरों की निगरानी करनी चाही, तो पूरा सिस्टम ऑफलाइन मिला। संदेह होने पर जब वे घर पहुंचे तो अंदर के कमरों और अलमारियों के ताले टूटे मिले तथा सामान बिखरा पड़ा था। इसके बाद उन्होंने तत्काल कसमार थाना पुलिस को सूचना दी।
पीड़ित ने पुलिस को दिए आवेदन में आरोप लगाया है कि चोर लगभग एक किलोग्राम सोने के आभूषण, करीब 10 किलोग्राम चांदी के जेवरात, 54,260 रुपये नकद, कांसा-पीतल के बर्तन, सीसीटीवी सिस्टम का डीवीआर, वाई-फाई कैमरा तथा सेट-टॉप बॉक्स सहित लाखों रुपये मूल्य का सामान ले गए। उन्होंने चोरी गए सामान की शीघ्र बरामदगी की मांग की है।
कैलाश कुमार नायक ने बताया कि उनके घर में परिवार के सदस्यों के आभूषणों के साथ पुश्तैनी जेवरात भी रखे हुए थे। उन्होंने यह भी बताया कि 13 सितंबर 2025 को भी उनके घर में चोरी हुई थी। एक वर्ष के भीतर दूसरी बार हुई घटना से परिवार गहरे सदमे और भय के माहौल में है। उनका आरोप है कि चोर साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से सीसीटीवी का डीवीआर और वाई-फाई डिवाइस भी अपने साथ ले गए।
कसमार थाना प्रभारी कुंदन कुमार ने बताया कि पीड़ित की लिखित शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि आवेदन में बड़ी मात्रा में सोने और चांदी के आभूषण चोरी होने का उल्लेख किया गया है, जिसकी वास्तविक पुष्टि जांच और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर की जाएगी। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
थाना प्रभारी ने बताया कि पिछले वर्ष हुई चोरी की घटना का पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा कर चोरी का सामान बरामद किया था। इस बार भी मामले के शीघ्र उद्भेदन और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष जांच टीम (एसआईटी) गठित कर जांच शुरू कर दी गई है।

