CCL में खान बचाव प्रतियोगिता की तैयारी तेज

Live ख़बर

– Santosh Kr. Srivastav : Editor in Chief & Publisher

55वीं अखिल भारतीय खान बचाव प्रतियोगिता-2026 को लेकर पहली कार्यकारी समिति की बैठक, 29 नवंबर से 6 दिसंबर तक होगा आयोजन

रांची, 07 अगस्त। देश की प्रतिष्ठित 55वीं अखिल भारतीय खान बचाव प्रतियोगिता (कोयला एवं धातु)-2026 के सफल आयोजन की तैयारियों को गति देते हुए सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (CCL) मुख्यालय, रांची में प्रथम कार्यकारी समिति की बैठक आयोजित की गई। प्रतियोगिता की मेजबानी CCL को मिलने को कंपनी की संगठनात्मक क्षमता, खान सुरक्षा के प्रति प्रतिबद्धता और राष्ट्रीय स्तर के आयोजनों के सफल संचालन में अर्जित अनुभव का प्रमाण बताया गया।

बैठक में खान सुरक्षा उपमहानिदेशक (दक्षिण-पूर्वी क्षेत्र) डॉ. एस.एस. प्रसाद, CCL के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक निलेन्दु कुमार सिंह, निदेशक (तकनीकी/संचालन) सी.एस. तिवारी, निदेशक (तकनीकी/परियोजना एवं योजना) अनूप हंजूरा सहित DGMS, Coal India Limited (CIL), विभिन्न कोयला एवं धातु खनन कंपनियों तथा रेस्क्यू स्टेशनों के वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया। JSSPS के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (CEO) और CCL मुख्यालय तथा बरका-सयाल क्षेत्र के वरिष्ठ अधिकारी भी बैठक में मौजूद रहे।

बैठक को संबोधित करते हुए CCL के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक निलेन्दु कुमार सिंह ने कहा कि DGMS, CIL और सभी सहभागी कंपनियों के समन्वित सहयोग से प्रतियोगिता का आयोजन उच्च मानकों के अनुरूप किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह आयोजन खान सुरक्षा एवं बचाव के क्षेत्र में उत्कृष्टता का नया मानदंड स्थापित करने के साथ भारतीय खनन उद्योग के लिए अनुकरणीय आयोजन साबित होगा।

बैठक की अध्यक्षता कर रहे खान सुरक्षा उपमहानिदेशक डॉ. एस.एस. प्रसाद ने प्रतियोगिता के प्रत्येक चरण में तकनीकी उत्कृष्टता, गुणवत्ता और निर्धारित मानकों के अनुपालन पर जोर दिया। उन्होंने सभी सहभागी संस्थाओं से बेहतर समन्वय, समयबद्ध तैयारी और सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया।

29 नवंबर से 6 दिसंबर तक प्रतियोगिता

बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि 55वीं अखिल भारतीय खान बचाव प्रतियोगिता-2026 का आयोजन 29 नवंबर से 6 दिसंबर 2026 तक किया जाएगा। उद्घाटन समारोह, ड्रिल एवं मार्च-पास्ट, फर्स्ट एड तथा रोप रेस्क्यू जैसी प्रमुख स्पर्धाएं JSSPS, खेलगांव, रांची में आयोजित होंगी। समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह भी यहीं होगा।

वहीं, रेस्क्यू एवं रिकवरी, फ्रेश एयर बेस और कैप्टन्स रिपोर्ट से संबंधित व्यावहारिक स्पर्धाओं का आयोजन CCL के बरका-सयाल क्षेत्र स्थित भुरकुंडा भूमिगत खदान में किया जाएगा।

लगभग 37 टीमों के शामिल होने की संभावना

प्रतियोगिता में देशभर से लगभग 37 टीमों के भाग लेने की संभावना है। बैठक में महिला टीमों की सक्रिय सहभागिता को प्रोत्साहित करने का निर्णय लिया गया। महिला प्रतिभागियों के लिए आवास, आवश्यक सुविधाओं और सुरक्षा व्यवस्था को भी प्राथमिकता देने पर सहमति बनी।

बैठक के दौरान आयोजन से जुड़े तकनीकी, प्रशासनिक और लॉजिस्टिक पहलुओं की विस्तृत समीक्षा की गई। प्रतियोगिता को सफल, सुरक्षित और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए विभिन्न स्तरों पर तैयारियों और जिम्मेदारियों पर भी चर्चा की गई।

Verified by MonsterInsights