– Santosh Kr. Srivastav : Editor in Chief & Publisher
8 और 9 अगस्त को सुबह 10 से शाम 4 बजे तक चलेगा अभियान, पात्र नागरिक फॉर्म-6 और फॉर्म-8 के जरिए कर सकेंगे आवेदन
बोकारो, 07 अगस्त। झारखंड विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 के तहत बोकारो जिले के सभी मतदान केंद्रों पर 8 और 9 अगस्त 2026 को विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे। शिविर में सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम जोड़ने और आवश्यक संशोधन के लिए आवेदन कर सकेंगे।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त अजय नाथ झा ने जिले के सभी पात्र नागरिकों से इन विशेष शिविरों का लाभ उठाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित न रहे।
फॉर्म-6 से जुड़ सकता है मतदाता सूची में नाम
उपायुक्त ने बताया कि जो नागरिक 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके हैं अथवा 1 अक्टूबर 2026 तक 18 वर्ष के हो जाएंगे और संबंधित क्षेत्र के निवासी हैं, वे मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने के लिए फॉर्म-6 एवं निर्धारित घोषणा-पत्र जमा कर सकते हैं।
वहीं, जिन परिवारों के सदस्यों के नाम अलग-अलग मतदान केंद्रों में दर्ज हैं अथवा जिनका मतदान केंद्र उनके घर से काफी दूर है, वे पूरे परिवार का नाम एक ही नजदीकी मतदान केंद्र पर स्थानांतरित कराने के लिए फॉर्म-8 के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं।
डीईओ ने स्पष्ट किया कि एसआईआर-2026 की प्रक्रिया केवल पात्र भारतीय नागरिकों के लिए है। नागरिकों से आवेदन के दौरान निर्धारित प्रक्रिया और आवश्यक दस्तावेजों का पालन करने की अपील की गई है।
ऑनलाइन भी कर सकते हैं आवेदन
मतदाता सूची से संबंधित सेवाओं के लिए नागरिक ऑनलाइन माध्यम का भी उपयोग कर सकते हैं। इसके लिए चुनाव आयोग के ECINet ऐप अथवा आधिकारिक मतदाता सेवा पोर्टल के माध्यम से आवेदन किया जा सकता है। किसी भी तरह की सहायता या जानकारी के लिए वोटर हेल्पलाइन नंबर 1950 पर संपर्क किया जा सकता है।
उपायुक्त अजय नाथ झा ने बोकारो के नागरिकों से अपील की कि वे 8 और 9 अगस्त को आयोजित विशेष शिविरों में सक्रिय रूप से भाग लें तथा मतदाता सूची में नाम जोड़ने या आवश्यक संशोधन की प्रक्रिया समय पर पूरी करें। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची को अद्यतन और समावेशी बनाना लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

