Santosh K Srivastav : Editor in Chief & Publisher
सीसीएल प्रबंधन ने कर्मचारियों और हितधारकों की समस्याओं के समाधान के लिए आयोजित किया विशेष शिविर
रांची, 17 जून 2026। सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (सीसीएल) के निदेशालय (मानव संसाधन प्रबंधन) के तत्वावधान में आम्रपाली-चंद्रगुप्त क्षेत्र में शिकायत निवारण शिविर का सफल आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य कर्मचारियों एवं अन्य हितधारकों की समस्याओं और शिकायतों का त्वरित तथा प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना था।
कार्यक्रम की अध्यक्षता महाप्रबंधक (समाधान प्रकोष्ठ) सुमन रस्तोगी ने की। इस अवसर पर आम्रपाली-चंद्रगुप्त क्षेत्र के महाप्रबंधक संजीव कुमार, मुख्य प्रबंधक (मानव संसाधन) तेजविंदर सिंह, स्टाफ अधिकारी (मानव संसाधन), मानव संसाधन विभाग के अन्य अधिकारी, स्टाफ अधिकारी (सिविल), स्टाफ अधिकारी (वित्त एवं लेखा) तथा विभिन्न श्रमिक संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
प्रातः 11 बजे से अपराह्न 4 बजे तक आयोजित शिविर में कर्मचारियों एवं हितधारकों को अपनी समस्याएं और सुझाव रखने का अवसर प्रदान किया गया। शिविर के दौरान कुल 28 शिकायतों का पंजीकरण किया गया।
प्राप्त शिकायतों में मुख्य रूप से आवास (क्वार्टर) अनुरक्षण, सीएमपीएफ से संबंधित ऑनलाइन डाटा अद्यतन तथा अन्य सेवा संबंधी विषय शामिल रहे। सभी शिकायतों का विधिवत पंजीकरण किया गया तथा कई मामलों में संबंधित व्यक्तियों को मौके पर ही आवश्यक जानकारी और समाधान उपलब्ध कराया गया।
सीसीएल प्रबंधन ने बताया कि शेष शिकायतों पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी तथा संबंधित पक्षों को औपचारिक उत्तर प्रदान करते हुए समयबद्ध एवं यथोचित निस्तारण सुनिश्चित किया जाएगा।
शिविर के सफल आयोजन से कर्मचारियों एवं हितधारकों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए एक प्रभावी मंच प्राप्त हुआ। साथ ही यह आयोजन संगठन की पारदर्शी, उत्तरदायी एवं कर्मचारी-केंद्रित कार्यसंस्कृति को और अधिक सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित हुआ।
सीसीएल प्रबंधन का मानना है कि इस प्रकार के शिकायत निवारण शिविर कर्मचारियों और प्रबंधन के बीच संवाद को मजबूत करने के साथ-साथ समस्याओं के त्वरित समाधान में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
