Santosh K Srivastav : Editor in Chief & Publisher
स्वच्छता पखवाड़ा-2026 के तहत आयोजित कार्यक्रम में पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास पर विशेषज्ञों ने रखे विचार
रांची, 19 जून 2026। स्वच्छता पखवाड़ा-2026 के अंतर्गत सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (सीसीएल) द्वारा “Reducing Plastic Waste for A Greener Tomorrow” विषय पर एक विशेष व्याख्यान एवं वेबिनार का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य एकल-उपयोग प्लास्टिक के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा पर्यावरण संरक्षण के लिए प्लास्टिक अपशिष्ट में कमी लाने के उपायों को बढ़ावा देना था।
कार्यक्रम में सीआईपीईटी (CIPET), रांची के निदेशक एवं प्रमुख अवनीत कुमार जोशी ने मुख्य वक्ता के रूप में अपने विचार साझा किए। उन्होंने प्लास्टिक अपशिष्ट के बढ़ते पर्यावरणीय प्रभावों, सतत विकास में अपशिष्ट प्रबंधन की भूमिका तथा प्लास्टिक उपयोग को कम करने के लिए अपनाए जा सकने वाले व्यावहारिक उपायों पर विस्तार से प्रकाश डाला।
अपने संबोधन में अवनीत कुमार जोशी ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकारी प्रयासों से संभव नहीं है, बल्कि इसके लिए सामूहिक जनभागीदारी और व्यवहारगत परिवर्तन आवश्यक है। उन्होंने प्लास्टिक मुक्त वातावरण के निर्माण के लिए जागरूकता और व्यक्तिगत जिम्मेदारी पर विशेष बल दिया।
कार्यक्रम के दौरान सीसीएल के महाप्रबंधक (अधिकारी स्थापना/कल्याण) संजय कुमार ठाकुर ने मुख्य वक्ता का स्वागत करते हुए उनके महत्वपूर्ण विचारों के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने स्वच्छता पखवाड़ा के उद्देश्यों की जानकारी देते हुए पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता अभियानों में कर्मचारियों की सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया।
वेबिनार में सीसीएल मुख्यालय, रांची के अधिकारियों और कर्मचारियों ने प्रत्यक्ष रूप से भाग लिया, जबकि विभिन्न क्षेत्रों के प्रतिभागी ऑनलाइन माध्यम से जुड़े। कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों ने प्लास्टिक अपशिष्ट न्यूनीकरण, कचरा प्रबंधन और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर उपयोगी जानकारी प्राप्त की।
आयोजकों के अनुसार कार्यक्रम में शामिल सभी प्रतिभागियों ने स्वच्छ और हरित भविष्य के निर्माण के लिए अपने स्तर पर योगदान देने का संकल्प लिया। यह आयोजन स्वच्छता पखवाड़ा-2026 के अंतर्गत चलाए जा रहे जन-जागरूकता अभियानों की महत्वपूर्ण कड़ी साबित हुआ।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में प्रबंधक (सामुदायिक विकास) पूजा प्रसाद एवं प्रबंधक (सामुदायिक विकास) श्वेता हंसदा की सक्रिय भूमिका रही।
