उपायुक्त ने सुनीं 43 जनशिकायतें

Live ख़बर

– Santosh Kr. Srivastav : Editor in Chief & Publisher

लोक संवाद कार्यक्रम में भूमि, राजस्व, शिक्षा, बिजली और खाद्य आपूर्ति से जुड़े मामले सामने आए, अधिकारियों को समयबद्ध समाधान के निर्देश

बोकारो, 07 अगस्त। समाहरणालय स्थित सभागार में शुक्रवार को आयोजित ‘हम आपको सुनते हैं…’ (लोक संवाद) कार्यक्रम में उपायुक्त अजय नाथ झा ने जिले के विभिन्न प्रखंडों से पहुंचे नागरिकों की समस्याएं और जनशिकायतें सुनीं। कार्यक्रम में कुल 43 आवेदन प्राप्त हुए। उपायुक्त ने सभी मामलों की क्रमवार सुनवाई करते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को शिकायतों का त्वरित, संवेदनशील और गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जनसुनवाई के दौरान भूमि विवाद, राजस्व, सामाजिक सुरक्षा, शिक्षा, बिजली विभाग, बोकारो स्टील प्लांट (बीएसएल), खाद्य आपूर्ति, कल्याण विभाग और विभिन्न अंचल कार्यालयों से संबंधित समस्याएं सामने आईं।

उपायुक्त अजय नाथ झा ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रत्येक आवेदन का निष्पादन निर्धारित समय-सीमा के भीतर किया जाए। उन्होंने कहा कि आम नागरिकों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से सरकारी कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ें, यह सुनिश्चित करना प्रशासन की जिम्मेदारी है।

नागरिक-केंद्रित प्रशासन पर जोर

उपायुक्त ने कहा कि जिला प्रशासन उत्तरदायी और नागरिक-केंद्रित व्यवस्था के तहत कार्य कर रहा है। जनता की समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी समाधान प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने सभी विभागों के अधिकारियों को जनहित से जुड़े मामलों को पूरी संवेदनशीलता के साथ लेने और शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निष्पादन पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया।

उन्होंने अधिकारियों से कहा कि प्राप्त आवेदनों पर केवल औपचारिक कार्रवाई तक सीमित न रहें, बल्कि शिकायतों की वास्तविक स्थिति की जांच करते हुए उचित समाधान सुनिश्चित करें।

लोक संवाद कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त शताब्दी मजूमदार, प्रशिक्षु आईएएस अरविंद राधाकृष्णन, डीसीएलआर पूर्णिमा कुमारी, प्रभारी पदाधिकारी हेमलता बून, सामाजिक सुरक्षा की सहायक निदेशक सुचिता किरण, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी अविनाश कुमार सिंह, सीएसआर नोडल शक्ति कुमार सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Verified by MonsterInsights