– संतोष श्रीवास्तव की रिपोर्ट
लोडेड देशी सिक्सर व जिंदा कारतूस के साथ पुलिस ने दबोचा
बोकारो, 19 सितंबर 2026: बोकारो पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए गणेश पूजा जुलूस में हथियार चमकाकर वर्चस्व कायम करने की साजिश को नाकाम कर दिया है। पुलिस उपाधीक्षक (नगर) के नेतृत्व में गठित विशेष छापामारी दल ने बीएस सिटी थाना क्षेत्र से दो अपराधियों को हथियार और कारतूस के साथ गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार, 18 सितंबर को मिली सटीक सूचना पर की गई छापेमारी के दौरान दुन्दीबाग माड़ी पट्टी निवासी मंगल पासवान (39 वर्ष) को पकड़ा गया, जिसके पास से एक लोडेड देशी सिक्सर बरामद हुआ। पूछताछ में सामने आई संलिप्तता के आधार पर टीम ने सेक्टर-1सी आयर खटाल निवासी शिवम कुमार को भी गिरफ्तार कर लिया, जिसके पास से एक जिंदा कारतूस जब्त किया गया। कुल जब्ती में एक लोडेड देशी सिक्सर और दो जिंदा कारतूस शामिल हैं।

गिरफ्तार आरोपियों ने अपने स्वीकारोक्ति बयान में बताया कि वे गणेश पूजा जुलूस के दौरान अपना दबदबा दिखाने के इरादे से हथियार लेकर पहुंचे थे। इस सफल अभियान में बीएस सिटी थाना प्रभारी ममता कुमारी, पुलिस अवर निरीक्षक महती बोयपाई, अनिल कुमार गुप्ता, सहायक अवर निरीक्षक रंजन मिश्रा सहित सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।
