– श्रीकान्त केडिया की रिपोर्ट
छात्र प्रतिनिधिमंडल ने सरकार के साथ मांगों पर की चर्चा, वार्ता को बताया सकारात्मक; भरोसा मिलने तक आंदोलन जारी रखने का ऐलान
रांची, 08 अगस्त। झारखंड में विभिन्न मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे छात्रों और राज्य सरकार के बीच शुक्रवार को बातचीत हुई। स्टेट गेस्ट हाउस में सरकार की ओर से गठित मंत्रियों के पैनल ने छात्र प्रतिनिधिमंडल के साथ बैठक कर उनकी मांगों और आंदोलन से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की। छात्र नेताओं ने वार्ता को सकारात्मक बताया है।
छात्रों से बातचीत और उनकी मांगों को सुनने के लिए गठित पैनल में झामुमो के चमरा लिंडा, सुदिव्य कुमार सोनू, कांग्रेस की दीपिका पांडेय सिंह और राजद के संजय शामिल रहे। बैठक में छात्र प्रतिनिधिमंडल ने अपनी विभिन्न मांगों को सरकार के समक्ष रखा और उनके समाधान की दिशा में ठोस पहल की अपेक्षा जताई।
‘पहली बैठक सकारात्मक रही’
वार्ता समाप्त होने के बाद छात्र नेता रवीन्द्र पासवान ने मीडिया से बातचीत में कहा कि यह सरकार के साथ उनकी पहली बैठक थी और बातचीत सकारात्मक रही। उन्होंने कहा कि सभी पक्षों के साथ बैठकर चर्चा का माहौल बेहतर रहा। छात्र नेताओं ने उम्मीद जताई कि सरकार, मुख्यमंत्री और मंत्रिमंडल उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार करेंगे।
उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से छात्रों की मांगों को मुख्यमंत्री तक पहुंचाने का भरोसा दिया गया है। छात्र पक्ष ने सरकार से स्पष्ट और सकारात्मक आश्वासन की अपेक्षा जताई है।
भरोसा मिलने तक जारी रहेगा आंदोलन
कोर कमेटी के एक सदस्य ने कहा कि सरकार के साथ हुई बातचीत सकारात्मक रही, लेकिन छात्रों को अपनी मांगों के समाधान को लेकर ठोस भरोसे की जरूरत है। सरकार की ओर से छात्रों की बात मुख्यमंत्री तक पहुंचाने की बात कही गई है और जल्द ही एक और बैठक होने की उम्मीद है।
छात्र नेता ने स्पष्ट किया कि जब तक सरकार की ओर से सकारात्मक भरोसा नहीं मिलता, तब तक प्रोटेस्ट मार्च जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि यदि सरकार छात्रों को उनकी मांगों पर ठोस और सकारात्मक आश्वासन देती है, तो 10 अगस्त को विधानसभा तक प्रस्तावित मार्च को लेकर छात्र संगठन पुनर्विचार कर सकते हैं।
बैठक के बाद छात्रों के आंदोलन को लेकर सरकार और छात्र प्रतिनिधियों के बीच आगे की बातचीत पर सभी की निगाहें टिकी हैं। आने वाले दिनों में सरकार की ओर से मिलने वाले आश्वासन और उसके आधार पर छात्रों के अगले कदम से आंदोलन की दिशा स्पष्ट होने की उम्मीद है।

