– रंजीत प्रसाद सिन्हा की रिपोर्ट
छत्रपति शिवाजी महाराज सेवा समिति की बैठक में संगठन मजबूत करने और महिलाओं को सामाजिक कार्यों से जोड़ने पर जोर
पटना। नागेश्वर कॉलोनी, बोरिंग रोड स्थित छत्रपति शिवाजी महाराज सेवा समिति (ट्रस्ट) के प्रधान कार्यालय में महिला प्रकोष्ठ की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में पूरे बिहार में महिला प्रकोष्ठ का विस्तार करने, संगठन को मजबूत एवं सक्रिय बनाने तथा अधिक से अधिक महिलाओं को सामाजिक कार्यों से जोड़ने का निर्णय लिया गया।
बैठक में महिला सशक्तिकरण, सामाजिक जागरूकता, संगठनात्मक विस्तार और समाजहित से जुड़े कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से संचालित करने पर चर्चा हुई। संगठन ने बिहार के सभी जिलों में महिला प्रकोष्ठ को सक्रिय करने और स्थानीय स्तर पर महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने का संकल्प लिया।
पदाधिकारियों को सौंपी गई जिम्मेदारी
बैठक के दौरान महिला प्रकोष्ठ के विभिन्न पदाधिकारियों की जिम्मेदारियां तय की गईं। पिंकी पटेल को प्रदेश अध्यक्ष तथा डॉ. स्वाति सिंह को कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया। वहीं बबीता सिंह को प्रदेश सचिव, उषा रानी और अनिता कुमारी को प्रदेश उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई।
इसके अलावा डॉ. रितिक राज और कुमारी बबीता को संगठन सचिव, प्रो. डॉ. चंदा सिंह को महासचिव, डॉ. अर्निका कुमारी को राष्ट्रीय महासचिव तथा कशिश सिंह को महिला प्रकोष्ठ पदाधिकारी की जिम्मेदारी सौंपी गई।
समाजसेवा और महिला सशक्तिकरण पर जोर
बैठक में पदाधिकारियों ने कहा कि महिलाओं की सक्रिय भागीदारी के बिना किसी भी सामाजिक संगठन को मजबूत आधार नहीं मिल सकता। छत्रपति शिवाजी महाराज की विचारधारा से प्रेरणा लेते हुए महिला प्रकोष्ठ को समाजसेवा, शिक्षा, महिला सशक्तिकरण और सामाजिक जागरूकता के क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए तैयार किया जाएगा।
संगठन की ओर से कहा गया कि स्थानीय स्तर पर महिलाओं को सामाजिक गतिविधियों से जोड़ने के लिए विभिन्न कार्यक्रम चलाए जाएंगे। साथ ही प्रत्येक जिले में महिला प्रकोष्ठ का गठन एवं विस्तार कर संगठन की गतिविधियों को व्यापक स्तर तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
पदाधिकारी और सदस्य रहे मौजूद
बैठक में संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. सुधीर पटेल, राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष इंजीनियर सतीश पटेल, पूर्व डीआईजी चंद्रिका राय, उमेश कुमार, राज नारायण, प्रदेश उपाध्यक्ष प्रशांत कुमार, अमर जी सहित संगठन एवं महिला प्रकोष्ठ के अन्य पदाधिकारी और सदस्य उपस्थित रहे।
बैठक के अंत में संगठन को बिहार के सभी जिलों तक विस्तार देने और अधिक से अधिक महिलाओं को सामाजिक कार्यों से जोड़ने के संकल्प को दोहराया गया।

