चास नगर निगम की सुविधाओं को लेकर डीसी की बैठक

Live ख़बर

Santosh Kr. Srivastav : Editor in Chief & Publisher

पेयजल, सफाई और स्ट्रीट लाइट पर सख्ती; तीन दिनों में खराब लाइटें दुरुस्त करने का निर्देश

बोकारो, 10 अगस्त। चास नगर निगम क्षेत्र में नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने के उद्देश्य से सोमवार को समाहरणालय सभागार में उपायुक्त अजय नाथ झा की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में नगर निगम के मेयर, उप मेयर और सभी वार्ड पार्षदों ने हिस्सा लिया। इस दौरान पेयजल, साफ-सफाई, स्ट्रीट लाइट और बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं की वार्डवार समीक्षा की गई।

उपायुक्त ने सभी वार्डों की स्थानीय समस्याओं और विकास संबंधी आवश्यकताओं की जानकारी ली तथा संबंधित अधिकारियों को समस्याओं के त्वरित एवं समयबद्ध समाधान के निर्देश दिए।

पेयजल और सफाई पर विशेष जोर

उपायुक्त अजय नाथ झा ने कहा कि नगर निगम क्षेत्र के प्रत्येक नागरिक तक स्वच्छ पेयजल और बेहतर साफ-सफाई की सुविधा पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने जिन वार्डों में पेयजल की कमी या तकनीकी समस्या है, उनकी सूची तैयार कर तत्काल समाधान की दिशा में कार्रवाई करने का निर्देश दिया।

पेयजल व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा के लिए जल्द अलग बैठक आयोजित करने की बात भी कही गई। इसके साथ ही कचरा उठाव को नियमित करने और सफाई से संबंधित शिकायतों का निर्धारित समय सीमा में निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

तीन दिनों में खराब स्ट्रीट लाइटें दुरुस्त करने का निर्देश

स्ट्रीट लाइट व्यवस्था की समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने लाइट इंस्पेक्टर की लॉगबुक नियमित रूप से संधारित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि दिन के समय खराब स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत युद्धस्तर पर की जाए और शाम के समय अधिकारी स्वयं क्षेत्र का भ्रमण कर प्रकाश व्यवस्था का जायजा लें।

उपायुक्त ने तीन दिनों के भीतर सभी खराब और बंद स्ट्रीट लाइटों को दुरुस्त करने की समय सीमा तय की।

हर वार्ड में विकसित होगी मोहल्ला लाइब्रेरी

बैठक में बच्चों और युवाओं को अध्ययन के लिए बेहतर वातावरण उपलब्ध कराने की दिशा में भी महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया। उपायुक्त ने सभी वार्डों में उपयुक्त स्थल चिह्नित कर मोहल्ला लाइब्रेरी विकसित करने का निर्देश दिया।

इस पहल का उद्देश्य स्थानीय स्तर पर छात्र-छात्राओं को शांत और सुविधाजनक अध्ययन स्थल उपलब्ध कराना है।

स्वतंत्रता दिवस को लेकर विशेष सफाई अभियान

आगामी स्वतंत्रता दिवस की तैयारियों की भी बैठक में समीक्षा की गई। उपायुक्त ने पूरे नगर निगम क्षेत्र में विशेष स्वच्छता अभियान चलाने और प्रमुख स्थानों पर बेहतर प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि राष्ट्रीय पर्व को गरिमा के साथ मनाया जा सके।

जनप्रतिनिधियों ने रखीं क्षेत्र की समस्याएं

बैठक में मेयर भोलू पासवान, उप मेयर पूजा कुमारी और सभी वार्ड पार्षदों ने अपने-अपने क्षेत्रों की जनसमस्याओं और बुनियादी जरूरतों से उपायुक्त को अवगत कराया।

उपायुक्त ने जनप्रतिनिधियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि जनसमस्याओं के निस्तारण में पारदर्शिता और समयबद्धता का विशेष ध्यान रखा जाए।