– Santosh Kr. Srivastav : Editor in Chief & Publisher
60 विद्यार्थियों ने ली सदस्यता, युवा नेतृत्व और समाजसेवा को बढ़ावा देने पर जोर
बोकारो, 10 अगस्त। गुरु गोविंद सिंह एजुकेशनल सोसाइटीज टेक्निकल कैंपस (GGSESTC) में रोटरी क्लब चास के तत्वावधान में नवगठित रोटरैक्ट क्लब को आधिकारिक चार्टर प्रदान करने के लिए समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में युवा शक्ति को समाज में सकारात्मक बदलाव का माध्यम बनाने और विद्यार्थियों को समाजसेवा एवं नेतृत्व के क्षेत्र से जोड़ने पर जोर दिया गया।
मुख्य अतिथि रोटरी के पूर्व जिला पाल (पीडीजी) महेश केजरीवाल ने रोटरैक्ट क्लब के उद्देश्यों और सामाजिक गतिविधियों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि युवा शक्ति में समाज में सकारात्मक और रचनात्मक बदलाव लाने की क्षमता है। उन्होंने युवाओं से सामाजिक कार्यों में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया।
रोटरी क्लब चास के अध्यक्ष मुकेश अग्रवाल ने कहा कि रोटरैक्ट युवाओं में नेतृत्व क्षमता विकसित करने और उन्हें समाजसेवा से जोड़ने का प्रभावी मंच है।
सामाजिक जिम्मेदारी के साथ नेतृत्व पर जोर
समारोह की शुरुआत प्रोफेसर अरुण प्रसाद बर्णवाल के स्वागत भाषण से हुई। संस्थान के निदेशक प्रियदर्शी जरूहार ने रोटरी एवं रोटरैक्ट क्लब की पहल की सराहना की।
उन्होंने विद्यार्थियों से तकनीकी शिक्षा के साथ सामाजिक जिम्मेदारियों और नेतृत्व के क्षेत्र में भी सक्रिय भूमिका निभाने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि युवाओं की सामाजिक भागीदारी समाज के विकास के लिए महत्वपूर्ण है।
60 विद्यार्थियों ने ग्रहण की सदस्यता
रोटरी क्लब चास के सचिव विनोद चोपड़ा ने बताया कि नवगठित रोटरैक्ट क्लब में संस्थान के 60 विद्यार्थियों ने आधिकारिक रूप से सदस्यता ग्रहण की। समारोह में क्लब के नवनियुक्त पदाधिकारियों और सदस्यों को लेपल पिन पहनाकर सम्मानित किया गया।
रोटरैक्ट क्लब की सहायक पल्लवी प्रसाद ने नए सदस्यों का स्वागत करते हुए कहा कि क्लब के माध्यम से युवा शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यावरण और अन्य सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय योगदान देंगे।
नवगठित रोटरैक्ट क्लब में हर्षित राज को अध्यक्ष, स्नेहा कुमारी को सचिव और आयुष सिंह को कोषाध्यक्ष बनाया गया।
कई पदाधिकारी और प्रोफेसर रहे मौजूद
कार्यक्रम का संचालन एवं धन्यवाद ज्ञापन डॉ. शफीक जहीर ने किया। इस अवसर पर सहायक जिला पाल पूजा बैद, पुष्पा केजरीवाल, ललिता चोपड़ा, संजय बैद, विनय सिंह, विजय अग्रवाल, उषा कुमार, ज्योति अग्रवाल, पूर्वी केजरीवाल सहित संस्थान के प्रोफेसर और अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
अतिथियों ने नवगठित रोटरैक्ट क्लब के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए विद्यार्थियों से समाज कल्याण के कार्यों में निरंतर सक्रिय रहने का आह्वान किया।

