– Santosh Kr. Srivastav : Editor in Chief & Publisher
पुलिस लाइन मैदान में मंत्री योगेंद्र प्रसाद ने फहराया तिरंगा, विकास और आत्मनिर्भर झारखंड का संकल्प
बोकारो, 16 अगस्त। देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर बोकारो जिले में राष्ट्रभक्ति और उत्साह का माहौल रहा। इस्पातनगरी बोकारो, चास और आसपास के क्षेत्रों में सरकारी, गैर-सरकारी एवं स्वयंसेवी संस्थाओं की ओर से विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। जगह-जगह आन-बान-शान के साथ राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया और वीर शहीदों को नमन किया गया।
पुलिस लाइन मैदान में हुआ मुख्य समारोह
जिला प्रशासन की ओर से सेक्टर-12 स्थित पुलिस लाइन मैदान में मुख्य समारोह आयोजित किया गया। यहां राज्य के पेयजल एवं स्वच्छता तथा उत्पाद एवं मद्य निषेध विभाग के मंत्री योगेंद्र प्रसाद ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और परेड की भव्य सलामी ली।
इस अवसर पर मंत्री ने जिलेवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए भगवान बिरसा मुंडा, तिलका मांझी, सिद्धो-कान्हू, शेख भिखारी और वीर बुधु भगत सहित झारखंड के वीर सपूतों को श्रद्धांजलि अर्पित की।

विकास की राह पर तेजी से बढ़ रहा झारखंड
समारोह को संबोधित करते हुए मंत्री योगेंद्र प्रसाद ने कहा कि राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि झारखंड अपनी गौरवशाली आदिवासी संस्कृति और परंपराओं को संरक्षित करते हुए विकास की राह पर तेजी से आगे बढ़ रहा है।
उन्होंने बोकारो में हाल में आयोजित आदिवासी महोत्सव और सखी महोत्सव की सफलता का उल्लेख करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने और अपने उत्पादों के विपणन के लिए बेहतर मंच मिला है।
मंत्री ने इस दौरान जिला प्रशासन की विभिन्न विकास योजनाओं और उपलब्धियों का विभागवार विवरण भी प्रस्तुत किया। उन्होंने झारखंड को विकसित, समृद्ध और आत्मनिर्भर राज्य बनाने का संकल्प दोहराया और ‘जय हिंद, जय भारत’ के उद्घोष के साथ अपना संबोधन समाप्त किया।
प्रशासनिक कार्यालयों में भी हुआ ध्वजारोहण
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिले के सभी सरकारी कार्यालयों, प्रशासनिक भवनों और विभिन्न परिसरों में भी ध्वजारोहण किया गया। उपायुक्त अजय नाथ झा ने गोपनीय शाखा कार्यालय परिसर, समाहरणालय परिसर, रेडक्रॉस भवन तथा जियाडा परिसर में राष्ट्रीय ध्वज फहराया।
उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए राष्ट्र निर्माण में पूरी निष्ठा के साथ योगदान देने का संकल्प दिलाया।
पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीणा ने एसपी कार्यालय परिसर में तिरंगा फहराया। उन्होंने देश की सुरक्षा, एकता और अखंडता को बनाए रखने के प्रति प्रतिबद्धता दोहराई।
विभिन्न कार्यालयों में भी फहराया तिरंगा
उप विकास आयुक्त शताब्दी मजूमदार ने अपने आवासीय परिसर में ध्वजारोहण किया। अनुमंडल पदाधिकारी (चास) प्रांजल ढांडा ने गोपनीय शाखा कार्यालय परिसर और अनुमंडल कार्यालय परिसर में राष्ट्रीय ध्वज फहराया।
सूचना भवन परिसर में उप निदेशक जनसंपर्क सह जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रवि कुमार ने ध्वजारोहण किया। उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम में अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले अमर सेनानियों के त्याग और बलिदान को नमन करते हुए सभी को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं।
राष्ट्रगान और देशभक्ति नारों से गूंजा बोकारो
विभिन्न ध्वजारोहण कार्यक्रमों के दौरान अधिकारियों और कर्मचारियों ने एक स्वर में राष्ट्रगान का गायन किया। ‘भारत माता की जय’ के नारों से पूरा वातावरण देशभक्ति से ओतप्रोत रहा। प्रशासनिक अधिकारियों और आम लोगों ने स्वतंत्रता संग्राम के वीर नायकों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
मुख्य समारोह में उत्तरी छोटानागपुर प्रक्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक शैलेन्द्र कुमार सिन्हा, बोकारो उपायुक्त अजय नाथ झा, पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीणा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और बड़ी संख्या में आम लोग मौजूद रहे।

