बोकारो में चोरी का खुलासा, छह गिरफ्तार

Live ख़बर

– संतोष श्रीवास्तव की रिपोर्ट

चास में लगातार तीन चोरी की वारदातों का पुलिस ने किया उद्भेदन, सोने के आभूषण, मोबाइल और नकदी बरामद

बोकारो, 19 अगस्त 2026। चास थाना क्षेत्र में घर की खिड़की तोड़कर जेवरात, नकद रुपये और मोबाइल फोन चोरी करने वाले गिरोह का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने मामले में छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर चोरी का सामान भी बरामद किया गया है।

पुलिस के अनुसार, 22 जुलाई, 11 अगस्त और 15 अगस्त 2026 की रात अज्ञात चोरों ने घरों की खिड़की तोड़कर चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया था। इन घटनाओं को लेकर चास थाना में क्रमशः कांड संख्या 94/2026, 102/2026 और 103/2026 दर्ज किए गए थे।

चोरी की घटनाओं के उद्भेदन के लिए पुलिस अधीक्षक, बोकारो के निर्देश पर सहायक पुलिस अधीक्षक, सदर चास के नेतृत्व में छापेमारी दल का गठन किया गया। टीम ने मानवीय और तकनीकी स्रोतों से मिली जानकारी के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए चोरी की घटनाओं में शामिल आरोपियों को गिरफ्तार किया।

छह आरोपियों की गिरफ्तारी

पुलिस ने जिन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, उनमें गौतम बाउरी उर्फ मिरिंडा, राहुल कुमार बाउरी, रवि कुमार पांडेय, प्रिंस कुमार उर्फ कृष्ण, अमन राज उर्फ मनीष कुमार और कृष्णा कुमार पॉल शामिल हैं।

पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान आरोपियों ने चोरी की घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। उनकी निशानदेही पर चोरी किए गए सामान की बरामदगी की गई।

सोने जैसे कंगन समेत सात मोबाइल बरामद

छापेमारी के दौरान पुलिस ने सोने जैसे धातु के सात कंगन, गला हुआ सोने जैसा धातु का करीब 3.50 ग्राम टुकड़ा, लोहे का एक चापड़, छोटी तौलने की मशीन, सात मोबाइल फोन और पांच रुपये के 12 नोट यानी कुल 60 रुपये नकद बरामद किए हैं।

पुलिस बरामद सामान को दर्ज मामलों से जोड़कर आगे की जांच कर रही है। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

गौतम बाउरी का आपराधिक इतिहास

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी गौतम बाउरी उर्फ मिरिंडा का पूर्व से आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ चास थाना में वर्ष 2021 में दो मामले दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है।

इनमें कांड संख्या 123/2021, दिनांक 28 मई 2021, धारा 461, 457 और 380 भारतीय दंड विधान तथा कांड संख्या 346/2021, दिनांक 26 दिसंबर 2021, धारा 461, 379 और 411 भारतीय दंड विधान के तहत दर्ज मामले शामिल हैं।

पुलिस टीम की कार्रवाई

चोरी की घटनाओं के उद्भेदन के लिए गठित छापेमारी दल में सहायक पुलिस अधीक्षक सदर चास वेदांत शंकर, चास थाना प्रभारी दिनेश कुमार सिंह सहित पुलिस पदाधिकारी और जवान शामिल थे। टीम में चास थाना रिजर्व गार्ड तथा तकनीकी शाखा के कर्मियों ने भी सहयोग किया।

पुलिस का कहना है कि चोरी की घटनाओं में शामिल आरोपियों से पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है। साथ ही क्षेत्र में हुई अन्य चोरी की घटनाओं से भी गिरफ्तार आरोपियों के संभावित संबंधों की जांच की जा रही है।