– संतोष श्रीवास्तव : मुख्य संपादक सह प्रकाशक
डीजीपी विनय कुमार समेत पुलिस के कई आला अधिकारियों ने लिया नशामुक्त समाज का संकल्प
पटना, 21 अगस्त 2026। बिहार पुलिस मुख्यालय, पटना के सभागार में प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय के तत्वावधान में नशामुक्ति एवं स्वस्थ समाज के निर्माण के उद्देश्य से विशेष कार्यक्रम “10 करोड़ नशामुक्ति प्रतिज्ञा महाअभियान” आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बिहार के पुलिस महानिदेशक विनय कुमार सहित पुलिस मुख्यालय के कई वरिष्ठ अधिकारियों एवं पुलिसकर्मियों ने नशामुक्त जीवन का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बिहार के पुलिस महानिदेशक विनय कुमार रहे। इस अवसर पर निगरानी अन्वेषण ब्यूरो के पुलिस महानिदेशक जितेन्द्र सिंह गंगवार, विशेष शाखा एवं एसटीएफ के पुलिस महानिदेशक कुंदन कृष्णन सहित पुलिस मुख्यालय के कई आला अधिकारी मौजूद रहे।
नशामुक्ति और तनाव प्रबंधन पर जागरूकता
कार्यक्रम के दौरान बीके अस्मिता बहन ने नशामुक्ति, तनाव प्रबंधन और मेडिटेशन के महत्व पर प्रकाश डालते हुए उपस्थित लोगों को जागरूक किया। उन्होंने नशे से होने वाले सामाजिक एवं व्यक्तिगत दुष्प्रभावों से बचने तथा स्वस्थ और सकारात्मक जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।
इसके बाद बहन संगीता ने पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों को नशामुक्त जीवन के लिए शपथ दिलाई। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों ने भाग लेते हुए नशामुक्त समाज के निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।
स्वस्थ समाज के निर्माण में सामूहिक भागीदारी पर जोर
अभियान का उद्देश्य युवाओं, विद्यार्थियों, अभिभावकों और आम लोगों को नशामुक्त जीवन, स्वस्थ आदतों तथा सकारात्मक सोच के प्रति जागरूक करना है। साथ ही नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए समाज के विभिन्न वर्गों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
कार्यक्रम की सराहना करते हुए पुलिस महानिदेशक विनय कुमार ने स्वस्थ समाज की स्थापना और नशामुक्त समाज के निर्माण में प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय के प्रयास को अतुलनीय बताया। उन्होंने नशे के खिलाफ जागरूकता और सामूहिक संकल्प को सामाजिक बदलाव के लिए महत्वपूर्ण बताया।
कार्यक्रम में शामिल पुलिस अधिकारियों एवं कर्मियों ने भी नशामुक्ति अभियान की सराहना की और इसे स्वस्थ एवं सकारात्मक समाज के निर्माण की दिशा में उपयोगी पहल बताया।

