शिक्षित और संगठित होकर ही अधिकार संभव: प्रेम कुमार

Live ख़बर

– एस०एन०चतुर्वेदी की रिपोर्ट

बाढ़ के मलाही और मनकौरा में विधानसभा अध्यक्ष का नागरिक अभिनंदन

बाढ़, 22 अगस्त: बिहार विधानसभा अध्यक्ष एवं अखिल भारतवर्षीय चंद्रवंशी क्षत्रिय महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार का बाढ़ अनुमंडल अंतर्गत मलाही और मनकौरा गांव में भव्य नागरिक अभिनंदन किया गया। दोनों स्थानों पर चंद्रवंशी समाज के लोगों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महासभा के जिलाध्यक्ष अमलेश चंद्रवंशी एवं जद(यू) नेता अशोक चंद्रवंशी ने संयुक्त रूप से की।

समारोह को संबोधित करते हुए डॉ. प्रेम कुमार ने कहा कि समाज की प्रगति का मूल मंत्र शिक्षित बनना, संगठित रहना और अधिकारों के लिए निरंतर संघर्ष करना है। शिक्षा को विकास की सबसे बड़ी शक्ति बताते हुए उन्होंने अभिभावकों से बच्चों को बेहतर शिक्षा दिलाने और युवाओं को कौशल विकास व रोजगार के अवसरों से जोड़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि केवल अधिकारों की बात करना काफी नहीं, बल्कि सरकारी योजनाओं और अवसरों की सही जानकारी होना भी आवश्यक है।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने की अपील की। संगठन की मजबूती पर बल देते हुए उन्होंने सामाजिक कुरीतियों, अशिक्षा, नशाखोरी और आपसी भेदभाव को मिटाकर भाईचारा बढ़ाने का संदेश दिया। उन्होंने रेखांकित किया कि 1906 से शुरू हुई इस संगठन की यात्रा नई पीढ़ी को शिक्षा, रोजगार, सामाजिक सम्मान और राष्ट्र निर्माण में आगे बढ़ने की निरंतर प्रेरणा दे रही है।

इस अवसर पर स्थानीय विधायक डॉ. सियाराम सिंह, महासभा के राष्ट्रीय महामंत्री रणविजय रोशन, राष्ट्रीय मंत्री मनोज चंद्रवंशी, कोषाध्यक्ष शिवपूजन चंद्रवंशी, दक्षिण बिहार प्रदेश अध्यक्ष कृष्ण कुमार चंद्रवंशी, मुखिया मनोज राम, पंडारक प्रमुख उदय चंद्रवंशी सहित एनडीए और महासभा के अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे।