– एस०एन०चतुर्वेदी की रिपोर्ट
कदाचारमुक्त परीक्षा के लिए जैमर, फेस ऑथेंटिकेशन और सख्त सुरक्षा के निर्देश
पटना, 22 अगस्त: संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) द्वारा आयोजित सिविल सेवा मुख्य परीक्षा 2026 के शांतिपूर्ण, स्वच्छ एवं कदाचारमुक्त संचालन को लेकर प्रशासनिक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। पटना स्थित बांकीपुर गवर्नमेंट गर्ल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल परीक्षा केंद्र पर यह परीक्षा 21 से 23 अगस्त तथा 29 एवं 30 अगस्त 2026 को दो पालियों में आयोजित की जा रही है। प्रमंडलीय आयुक्त राजेश कुमार ने समीक्षा बैठक कर प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों, जोनल मजिस्ट्रेट, पुलिस पदाधिकारियों एवं केंद्राधीक्षकों को संघ लोक सेवा आयोग के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
आयुक्त ने परीक्षा केंद्र पर पर्याप्त संख्या में जैमर लगाने और भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड (BEL) के प्रतिनिधियों द्वारा उनकी नियमित जांच व सत्यापन कराने के आदेश दिए हैं। परीक्षा केंद्र में प्रथम पाली के लिए प्रवेश द्वार पूर्वाह्न 8:30 बजे तथा द्वितीय पाली के लिए अपराह्न 2:00 बजे बंद कर दिया जाएगा। निर्धारित समय के बाद किसी भी अभ्यर्थी को प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। केंद्र के भीतर बैग, मोबाइल, कैमरा या किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ले जाना पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। वीक्षकों को भी मोबाइल रखने की अनुमति नहीं होगी।
कदाचार रोकने के लिए अभ्यर्थियों की सघन फ्रिस्किंग की जाएगी और अनिवार्य फेस ऑथेंटिकेशन प्रोटोकॉल का पालन होगा। परीक्षा कक्षों में प्रकाश, स्वच्छ पेयजल और समयबद्ध दीवार घड़ियों की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। इसके अलावा, परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए यातायात पुलिस को सुगम आवागमन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है। परीक्षा संचालन की निगरानी हेतु आयुक्त कार्यालय में नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है, जिसके दूरभाष नंबर 0612-2219205 एवं 2233578 हैं। बैठक में आयुक्त के सचिव विनय कुमार ठाकुर, यातायात पुलिस अधीक्षक सागर कुमार सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

